दुमका (शहर परिक्रमा)

SKMU की नई कुलपति प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदीर ने किया पदभार ग्रहण

दुमका: सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका की नई कुलपति प्रो. (डॉ.) कुनुल कंदीर ने गुरुवार को अपने पद का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. बिमल प्रसाद सिंह से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कई अधिकारी मौजूद थे। कार्यभार ग्रहण के समय डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. जैनेंद्र यादव, रजिस्ट्रार डॉ. राजीव कुमार, सीसीडीसी डॉ. अब्दुस सत्तार, वित्त सलाहकार श्री बृजनंदन ठाकुर, परीक्षा नियंत्रक डॉ. जयकुमार साह, वित्त पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार सिन्हा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। सभी ने नई कुलपति को शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि मंगलवार को राजभवन की ओर से डॉ. कुनुल कंदीर को विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त किया गया था। वे विश्वविद्यालय की 16वीं कुलपति बनी हैं और अब तक की तीसरी महिला कुलपति भी हैं।
डॉ. कंदीर शिक्षा के क्षेत्र में काफी अनुभव रखती हैं। उन्होंने अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों में कई अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। अब उम्मीद है कि उनके अनुभव से विश्वविद्यालय को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। विश्वविद्यालय के लोगों में नई कुलपति को लेकर उत्साह है और सभी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संस्थान नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

संवाददाता: आलोक रंजन