SKMU ने सीनेट एवं सिंडिकेट के चार नए सदस्यों को किया नामित
दुमका: सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुल चार नए सदस्यों की नियुक्ति सीनेट और सिंडिकेट में की है। इस संबंध में अधिसूचना विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजीव कुमार द्वारा जारी की गई है। सीनेट सदस्य के रूप में तीन व्यक्तियों को नामित किया गया है। इनमें एसपी कॉलेज, दुमका के मनोविज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. कलानंद ठाकुर, एएन कॉलेज, दुमका के हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक अनहद लाल और दुमका के समाजसेवी विमल मरांडी शामिल हैं। ये तीनों सदस्य शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए पहचाने जाते हैं, और इनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं सिंडिकेट सदस्य के रूप में देवघर कॉलेज के गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सत्यनारायण सिंह को नामित किया गया है। डॉ. सिंह की नियुक्ति तीन वर्षों के लिए की गई है। उनकी नियुक्ति से विश्वविद्यालय की प्रशासनिक नीति-निर्माण प्रक्रिया को मजबूती मिलने की संभावना है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन सभी नियुक्तियों को झारखंड राजभवन से प्राप्त अनुमोदन के आलोक में किया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से यह कदम शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। कुलपति प्रो. कुनुल कंदीर ने सभी नव नियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे विश्वविद्यालय की उन्नति में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और उच्च शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
संवाददाता:- आलोक रंजन