देवघर (शहर परिक्रमा)

महिलाएं किसी भी संस्थान की रीढ़ होती हैं: प्रशांत कुमार झा

देवघर: आज दिनांक 7.03.2025 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पूर्व संध्या पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय (आरबीओ) देवघर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में महिला कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित किया गया और उनके अधिकार, स्वतंत्रता एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए संकल्प लिया गया।

इस वर्ष के आयोजन की थीम “सभी महिलाओं और बालिकाओं के लिए: अधिकार, स्वतंत्रता और सशक्तिकरण” थी। इस अवसर पर महिला कर्मचारियों को उनके समर्पण और मेहनत के लिए सराहा गया, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस मौके पर क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा ने कहा, “महिलाएं किसी भी संस्थान की रीढ़ होती हैं। उनके समर्पण और परिश्रम के बिना कोई भी संगठन प्रगति नहीं कर सकता। एसबीआई में महिलाओं का योगदान अमूल्य है और हम उनके विकास एवं सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य महिलाओं को समान अवसर और स्वतंत्रता देना है, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकें।”

इसके अलावा, एसबीआई की विभिन्न शाखाओं में भी महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें महिलाओं के अधिकार, नेतृत्व और वित्तीय सशक्तिकरण पर चर्चा की गई।

इस आयोजन ने महिला कर्मचारियों में आत्मविश्वास और प्रेरणा का संचार किया, जिससे वे अपने कार्यक्षेत्र में और अधिक प्रभावशाली ढंग से योगदान दे सकें।