भाजपा ने आयोजित किया सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन
दुमका: भारतीय जनता पार्टी, जरमुंडी विधानसभा की ओर से रविवार को सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन तालझारी विवाह भवन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनूप कुमार ने की।
सम्मेलन की शुरुआत दिवंगत मंडल महामंत्री भाजपा नेता दिवाकर यादव एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मणिकांत झा उर्फ मन्नो बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट के मौन से की गई।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में देवघर विधानसभा क्षेत्र के भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधायक नारायण दास उपस्थित हुए। साथ जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर, भाजपा प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा तथा भाजपा दुमका जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद विशेष रूप से शामिल हुए।
जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद ने विषय प्रवेश करते हुए सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा—
“आज जरमुंडी विधानसभा में जो ऊर्जा और प्रतिबद्धता देखने को मिली है, वह इस बात का संकेत है कि भाजपा यहां नई ऊंचाइयों को छूने जा रही है। हमें केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाकर काम करना है और यह सुनिश्चित करना है कि कोई मतदाता पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियों से अनभिज्ञ न रहे।”
मुख्य वक्ता नारायण दास ने अपने वक्तव्य में कहा –
“भारतीय जनता पार्टी ने राजनीति को वंशवाद और तुष्टिकरण की दलदल से निकालकर राष्ट्रहित, सुशासन और विकास के सिद्धांत पर खड़ा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। ‘विकसित भारत’ की यात्रा केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आकांक्षा और विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। भाजपा ने गरीब, किसान, युवा, महिला और हर वर्ग के जीवन को बेहतर बनाने का काम किया है।”
जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर ने संगठन की मजबूती और भाजपा की चुनावी सफलता को लेकर कहा-
“भाजपा का विस्तार विचारधारा के आधार पर होता है, न कि अवसरवाद के सहारे। संगठन के कार्यकर्ता ही हमारी असली ताकत हैं, जो हर परिस्थिति में पार्टी के लिए समर्पित रहते हैं। पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि जनता अब राष्ट्रवाद और विकास के साथ खड़ी है। हमें मिलकर अपने बूथ को मज़बूत करना है, तभी लक्ष्य की प्राप्ति संभव है।”
प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा-
“आज भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक जनआंदोलन है। संगठन की शक्ति, नीति की स्पष्टता और नेतृत्व की निष्ठा ही भाजपा को सबसे अलग बनाती है। हमें बूथ स्तर पर संवाद, संपर्क और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाना होगा ताकि प्रत्येक मतदाता तक हमारी बात पहुंचे।”
सम्मेलन में लखी नारायण दत्त ,सुबोध दत्त, बालकृष्ण पांडेय ,रतन बिहारी प्रसाद ,सचिन राव ,नवीन राव, मुरली मंडल ,शैलेश कुमार राव, प्रवीण सिंह ,पप्पू सिंह, बलराम पोद्दार ,गौतम राय, मनोज मंडल ,तुषार क्रांति भूई, जनार्दन महतो, राम नारायण राय ,कामेश्वर साह,बलराम यादव ,गिरधारी रवानी, रामकिशन साह,अलख निरंजन प्रसाद ,अशोक मोदी, यदुनाथ महतो, मुकेश पांडेय, अशोक झा सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
संवाददाता: आलोक रंजन