जलेस का छठा देवघर जिला सम्मलेन 15 जून को
देवघर: जनवादी लेखक संघ (जलेस) का छठा देवघर जिला सम्मलेन 15 जून 2025 को पथरोल (मधुपुर) में किया जायेगा। यह जानकारी जलेस के देवघर जिला सचिव कपिलदेव राणा ने एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।
मौके पर जलेस के देवघर जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद ने बताया कि सम्मलेन 3 सत्र में किया जायेगा। इस दौरान प्रथम सत्र उद्घाटन सत्र, वहीं द्वितीय सत्र में संघ के दशा और दिशा पर विमर्श आयोजित किया जायेगा तत्पश्चात अंत में सांगठनिक सत्र आयोजित होगा जहाँ सत्र 24-26 के लिए कार्यकारिणी का भी गठन किया जायेगा।
ज्ञात हो कि जनवादी लेखक संघ (अंजुमन जम्हूरियतपसंद मुसिन्नफ़ीन) हिंदी-उर्दू के लेखकों का एक अखिल भारतीय संगठन है। इसकी स्थापना फरवरी 1982 में नयी दिल्ली में एक राष्ट्रीय सम्मेलन के जरिए हुई थी जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के लगभग पांच सौ प्रतिनिधियों ने शामिल होकर जलेस की राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी का गठन किया। राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के प्रेमचन्दोतर चर्चित कथाकार भैरव प्रसाद गुप्त को प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष और चंद्रबली सिंह, जो प्रखर मार्क्सवादी अध्येता और रचनाकार थे, उन्हें प्रथम राष्ट्रीय महासचिव निर्वाचित किया गया। जलेस की देश, राज्य व जिला में विभिन्न इकाईयां सक्रिय हैं। हर दो साल पर राष्ट्रीय स्तर से लेकर जिला स्तर के सम्मलेन में नयी कमिटी का प्रतिनिधियों द्वारा निर्वाचन होता है।
आज के प्रेस वार्ता में उपरोक्त के अलावा सुधीर रंजन, कवि अनिल मिश्रा इत्यादि उपस्थित थे।