मारवाड़ी युवा मंच के स्वर्ण जयंती वर्ष में रक्तदान अभियान का हुआ शुभारंभ, युवाओं ने उत्साहपूर्वक किया रक्तदान
देवघर: मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा द्वारा अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में प्रारंभ किए गए “रविवार रक्तदान महादान” अभियान का प्रथम चरण आज रविवार को शिवाय ब्लड सेंटर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान के प्रथम ही दिन युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।

रक्तदान करने वालों में समीर मिश्रा, राहुल मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, सुभाष यादव, राहुल कुमार शर्मा, विवेक कुमार गुप्ता, पंकज मिश्रा, सोल्टी अग्रवाल सहित अन्य रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। मंच की ओर से सभी रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निःशुल्क हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया।
मौके पर मारवाड़ी युवा मंच, देवघर शाखा के अध्यक्ष साकेत छावछारिया ने सभी रक्तदाताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष में मंच सेवा के नए आयाम स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपना दायित्व निभाना चाहिए।
रक्तदान अभियान का सफल संचालन रक्तदान संयोजक प्रत्युष सुल्तानिया एवं अंशु बांका के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्य ऋषभ अग्रवाल, रोहित सुल्तानिया, अमित छावछारिया, अनुज धनुका, आशीष शराफ, अमरदीप एवं ऋषभ केड़िया सहित अन्य सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही। सभी ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मंच के मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंघल ने बताया कि यह रक्तदान अभियान अब प्रत्येक रविवार प्रातः 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक शिवाय ब्लड सेंटर, शिवाय हॉस्पिटल, टावर चौक, देवघर में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने देवघर एवं आसपास के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से इस सेवा अभियान से जुड़कर नियमित रक्तदान करने तथा किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने की अपील की।

