डीएवी कोडरमा में डीएवी स्पोर्ट्स–2026 का भव्य आगाज़
क्लस्टर स्तरीय दो दिवसीय क्रिकेट एवं टेबल टेनिस टूर्नामेंट का शुभारंभ
कोडरमा: पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में दो दिवसीय डीएवी स्पोर्ट्स–2026 के अंतर्गत क्लस्टर स्तरीय क्रिकेट एवं टेबल टेनिस टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। इस दो दिवसीय टूर्नामेंट में डीएवी बरकाकाना, डीएवी गिद्दी, डीएवी बरही,डीएवी आरा-कुजू तथा मेजबान पीवीएसएस डीएवी पब्लिक स्कूल, कोडरमा के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ी पूरे उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डीएवी पब्लिक स्कूल, गिद्दी के पर्यवेक्षक सह प्राचार्य मना प्रिया चटर्जी, विशिष्ट अतिथि के रूप में नेशनल ताइक्वांडो ट्रेनर सह स्टेट ताइक्वांडो एसोसिएशन के प्रेजिडेंट अशोक कुमार बर्नवाल, गेस्ट ऑफ़ ऑनर डीएवी पब्लिक स्कूल, केदला के पर्यवेक्षक सह प्रभारी प्राचार्य बिकास बनर्जी, ऑफिसियल के रूप में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस अंपायर रवींद्र कुमार, झारखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट भैया मुरारी सिन्हा जाने माने शारीरिक शिक्षाविद उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने सभी सम्मानित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वैदिक मंत्रोच्चार एवं डीएवी गान के साथ हुआ। स्वागत भाषण में प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मना प्रिया चटर्जी ने कहा कि डीएवी विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने बालिकाओं को भी क्रिकेट सहित सभी खेलों में समान अवसर देने पर बल दिया तथा विद्यालय के उत्कृष्ट आयोजन एवं प्राचार्य के नेतृत्व की सराहना की।
उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अस्फिया एवं दृष्टि समूह ने वैदिक नृत्य, प्रियांशु, प्रत्यांशु एवं रिया समूह ने ‘योग करें, निरोग रहें’ विषय पर योग-नृत्य, अंतरा मुखर्जी ने बंगला एकल नृत्य तथा शामिया, सुमंत्र एवं सक्षम सिंह ने स्पोर्ट्स डांस प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
मौक़े पर उपस्थित मुख्य अतिथि, समस्त विशिष्ट अतिथि एवं प्राचार्य ने डीएवी स्पोर्ट्स ध्वज फहराकर तथा स्पोर्ट्स टूर्नामेंट ओपन का डिक्लेरेशन के साथ दो दिवसीय टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय की स्पोर्ट्स कैप्टन एवं लॉन्ग जंप गोल्ड मेडलिस्ट आकांक्षा रानी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में क्रिकेट एवं टेबल टेनिस के रोमांचक मुकाबलों के माध्यम से खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन आराध्या एवं आकृति सिंह ने किया, जबकि अंत में वरिष्ठ शिक्षक कुमार सतीश सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं खेल शिक्षकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

