झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्याध्यक्ष एवं प्रमंडलीय अध्यक्ष ने क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक को सौंपा ज्ञापन
दुमका: जामताड़ा जिला के माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन निकासी हेतु अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा को निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी बनाने के लिए झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के राज्याध्यक्ष दिवाकर महतो एवं प्रमंडलीय अध्यक्ष डॉ0 दिलीप कुमार झा ने गुरुवार को संयुक्त रूप से क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक डॉ0 गोपाल कृष्ण झा को एक ज्ञापन सौंपा। राज्याध्यक्ष श्री महतो ने बताया कि वर्तमान में जिला शिक्षा पदाधिकारी जामताड़ा निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी हैं। जामताड़ा जिला के माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट स्तर के शिक्षकों एवं कर्मचारियों का वेतन समय पर नही मिल रहा है।
श्री महतो ने बताया कि झारखंड राज्य के माध्यमिक शिक्षा निदेशक के निर्देशानुसार माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट स्तर के विद्यालयों का निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी को बनाया जाना चाहिए।श्री महतो ने बताया कि क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक एक नेक दील इंसान एवं शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित मे काम करने वाले पदाधिकारी हैं।पूर्ण विश्वास है कि क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में उचित निर्णय लेंगे। क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक डॉ0 गोपाल कृष्ण झा ने शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में जल्दी ही निर्णय लिया जाएगा। डॉ0 गोपाल कृष्ण झा ने कहा कि झारखंड सरकार अपने कर्मचारियों के समस्याओं एवं उनके उचित मांग पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के लिए कटिबद्ध है। प्रमंडलीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार झा ने कहा कि झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ अपने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के समस्याओं एवं उनके उचित मांगो को हमेशा उचित प्लेटफार्म पर उठाकर उनका जल्द निराकरण कराने मे सक्रिय भूमिका निभाता है। संवाददाता: आलोक रंजन