सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय में पीजी एडमिशन के लिए दूसरी प्रोविजनल मेधा सूची प्रकाशित
दुमका: सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका ने गुरुवार को पीजी एडमिशन के लिए दूसरी प्रोविजनल मेधा सूची प्रकाशित कर दी है। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से अपनी मेधा सूची देख सकते हैं। वेबसाइट पर विश्वविद्यालय के पांचों पीजी सेंटरों की मेधा सूची अपलोड कर दी गई है। दूसरी मेधा सूची में एडमिशन के लिए दस्तावेज़ सत्यापन की तिथि विश्वविद्यालय ने 21 से 29 मार्च के बीच निर्धारित की है। इस दौरान, जिन छात्रों का नाम दूसरी मेधा सूची में है, वे आज यानी शुक्रवार से अपने दस्तावेज़ों का सत्यापन करा सकते हैं। विश्वविद्यालय की सहायक डीएसडब्ल्यू डॉ. पूनम हेंब्रम ने बताया कि दस्तावेज़ सत्यापन के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जिसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों और शोधार्थियों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों के पास 29 मार्च2025 तक एडमिशन पाने का अंतिम मौका है।
संवाददाता: आलोक रंजन