भाविप देवघर शाखा की आम सभा एवं नए सत्र 25-26 का चुनाव संपन्न
आलोक मल्लिक पुनः अध्यक्ष जबकि श्रीमती कंचन शेखर सचिव और एसपी भुईयां बिलास वित्तसचिव चुने गए
आज दोपहर भारत विकास परिषद, देवघर शाखा के सत्र 24-25 की वार्षिक आम सभा तथा नए सत्र 25-26 के लिए अध्यक्ष, सचिव एवं वित्त सचिव का चुनाव संपन्न हुआ। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2082 भारतीय नववर्ष के सुखद संयोग पर हो रहे भारत विकास परिषद देवघर शाखा की आम सभा में अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने सभी अतिथियों को मंगलमय नववर्ष की बधाई देते हुए सत्र 2024-25 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए उन्होंने पिछले एक वर्ष में शाखा की उपलब्धियां और कार्यक्रमों को बताया। भारत को जानो, राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता, बाल संस्कार शिविर, गुरु वंदन छात्र अभिनंदन, सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर, श्रावणी मेला में मासव्यापी निःशुल्क चिकित्सा एवं सेवा शिविर जिसमें 12800 कांवरियों को चिकित्सीय सेवा दी गई, पर्यावरण कार्यक्रम, सावन उत्सव तथा नारी वंदन समारोह, नारी वंदन सशक्त महिला सम्मान जैसे कार्यक्रमों से सभा को अवगत कराया। इससे पूर्व उपाध्यक्ष ई. अभय कुमार ने मंचासीन परिषद के संरक्षक डॉ सुनील सिन्हा, अरुण गुटगुटिया और निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में पूर्व आईएएस कृष्ण कुमार दास सहित सभी सदस्यों का स्वागत किया।
सभा के दूसरे सत्र में प्रांतीय पर्यवेक्षक श्री राम रतन महर्षि की वर्चुअल उपस्थिति में चुनाव पदाधिकारी कृष्ण कुमार दास ने नए सत्र 2025-26 के लिए अध्यक्ष, सचिव और वित्त सचिव का चुनाव संपन्न कराया। अध्यक्ष पद के लिए आलोक मल्लिक का प्रस्ताव डॉ. सुनील सिन्हा ने रखा जिसका समर्थन अरुण कुमार गुटगुटिया और संजय बंका ने किया जिस पर सभा ने आम सहमति दर्शाया। इसी तरह सचिव पद के लिए कंचन शेखर के नाम का प्रस्ताव प्रीति कुमारी ने प्रस्तावित किया जिसे ई. अभय कुमार और प्रो. परिमल सिंह ने समर्थन किया। वित्त सचिव पद के लिए ई. संतोष कुमार सिंह ने एस. पी. भुईयां “बिलास” का नाम प्रस्तावित किया जिसे निर्मल कुमार और प्रिंस सिंघल ने समर्थन किया। सभा ने इन दोनों प्रस्तावों को भी आम सहमति से अपना समर्थन दिया। वर्चुअल उपस्थित प्रांत के पर्यवेक्षक राम रतन महर्षि की सहमति से चुनाव पदाधिकारी पूर्व आईएएस के. के. दास ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए आलोक मल्लिक को अध्यक्ष, कंचन शेखर को सचिव और एस. पी. भुईयां “बिलास” को वित्त सचिव निर्वाचित घोषित किया।
परिषद के परंपरानुसार नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव और वित्त सचिव ने आपसी सहमति से परिषद के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्य को मनोनीत किया। तदनुसार संगठन सचिव बिपिन मिश्रा, उपाध्यक्ष ई. अभय कुमार, उपाध्यक्ष सह संयोजक संपर्क बिनीता मिश्रा, उप सचिव रंजीत कुमार बरनवाल और प्रीति कुमारी, संयोजक संस्कार रामसेवक सिंह गुंजन, संयोजक महिला सहभागिता कंचन मूर्ति साह, संयोजक सेवा पशुपति कुमार, संयोजक पर्यावरण प्रशांत कुमार सिन्हा तथा कार्यकारिणी सदस्य प्रो. परिमल सिंह, डॉ. राजेश राज, ई. संतोष कुमार सिंह, पुष्पा सिंह और डॉ. उत्तम कुमार राय को मनोनीत किया गया। वहीं संरक्षक मंडल में डॉ. सुनील सिन्हा, डॉ. एन. डी. मिश्रा, डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया और श्री कृष्ण कुमार दास को रखा गया है।
सभा के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए निवर्तमान उपाध्यक्ष कंचन मूर्ति साह ने कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संस्था नहीं बल्कि एक विचारधारा है। यह सेवा, संस्कार और समर्पण की त्रिवेणी है। हमारे संगठन का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। आज जो नई कार्यकारिणी बनी है वह न केवल परिषद के देवघर शाखा की जिम्मेदारी उठाएगी बल्कि इसे और अधिक प्रभावी सशक्त और सेवा प्रधान बनाएगी।
मंच संचालन विनीता मिश्रा ने बखूबी किया। इस अवसर पर शाखा के प्रायः सभी सदस्य उपस्थित रहे।