डीएवी कास्टर टाउन में महात्मा हंसराज की जयंती पर वैदिक हवन यज्ञ का आयोजन
देवघर: आज दिनांक 19-04-2025 को स्थानीय गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन,देवघर में महान कर्मयोगी एवं डीएवी स्कूल के संस्थापक महात्मा हंसराज की जयंती मनाई गई।प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह,शिक्षकगण एवं बच्चों ने महात्मा हंसराज की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात् प्राचार्य,शिक्षकवृंद एवं बच्चों ने सामूहिक रूप से वैदिक हवन यज्ञ कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने महात्मा हंसराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे प्रसिद्ध आर्य समाजी नेता,समाज सुधारक और महान शिक्षाविद् थे।आज महात्मा हंसराज हमारे बीच नहीं हैं किंतु 900 से अधिक डीएवी संस्थान उनके जीवित स्मारक के रूप में हमारे बीच उपस्थित हैं।इस वटवृक्ष की शीतल छाया में लाखों छात्र पुष्पित-पल्लवित हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि महात्मा हंसराज ऐसे व्यक्तित्व के धनी हैं,जो आजीवन समाज की उन्नति और सेवा में संलग्न रहे।उन्होंने अपना पूरा जीवन विद्यार्थियों के उत्थान, देश,धर्म व समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया।हम सभी उनके इस अमिट योगदान से प्रेरित होकर निश्चय ही अपने व समाज के लिए प्रगति का मार्ग प्रशस्त कर सकेंगे।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की अहम भूमिका रही। उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।