पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने को लेकर भाजपा ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
दुमका: जिले में वैध व अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें तत्काल भारत छोड़ने हेतु कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, दुमका जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद के नेतृत्व में सोमवार को जिले के उपायुक्त को एक निर्णायक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा दिनांक 25 अप्रैल 2025 को जारी आदेश संख्या 25022/28/2025-एफ.ई. का हवाला दिया गया, जिसमें विदेशी अधिनियम, 1946 की धारा 3(1) के अंतर्गत देश की सुरक्षा को देखते हुए पाकिस्तानी नागरिकों की वीसा सेवाओं को निलंबित करते हुए उन्हें भारत छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
भाजपा का स्पष्ट मत है कि—
दुमका जिले सहित राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बिना वैध दस्तावेजों या वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की त्वरित पहचान कर कार्रवाई हो।
ऐसे घुसपैठियों की उपस्थिति न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि इससे स्थानीय जनता में भय का वातावरण भी उत्पन्न होता है।
स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया जाए कि वे एक विशेष सर्वे अभियान चलाकर पाकिस्तानी नागरिकों की उपस्थिति की पुष्टि करें और कानून सम्मत कार्रवाई करें।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद ने कहा कि भारत माता की धरती पर किसी भी घुसपैठिए को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा राष्ट्रहित में कोई समझौता नहीं करती — चाहे वह किसी भी दल का संरक्षण प्राप्त क्यों न कर रहा हो। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर विषय पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा जनआंदोलन छेड़ेगी।
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा सिर्फ सैनिक नहीं, जनता भी करती है। जो लोग अवैध रूप से भारत में रहकर यहां की शांति और सुरक्षा को प्रभावित कर रहे हैं, उन्हें एक क्षण भी भारत में रहने का अधिकार नहीं है। दुमका प्रशासन को इस विषय में त्वरित और कठोर कदम उठाने होंगे।
जामा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुरेश मुर्मू ने कहा कि यह मामला सिर्फ सुरक्षा का नहीं, सांस्कृतिक अस्तित्व का भी है। जिन लोगों का भारत से कोई भावनात्मक जुड़ाव नहीं, वे यहां रहकर षड्यंत्र कर रहे हैं। भाजपा हर उस तत्व के खिलाफ है जो भारत के भीतर पाकिस्तान की सोच फैलाना चाहता है।
जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू ने बताया मौके पर पूर्व सांसद सुनील सोरेन,रविकांत मिश्रा,निवास मंडल,सुरेश मुर्मू,परितोष सोरेन,अंजुला मुर्मू,अमिता रक्षित,पवन केसरी, मार्शल ऋषिराज टुडू, धर्मेंद्र सिंह,बबलू मंडल,गुंजन मरांडी,ओम केसरी,दीप्तांशु कोचगवे,रूपेश मंडल,बिमल मरांडी,गोपीनाथ दत्ता,मृणाल मिश्रा,सहदेव मरांडी,गणपति पाल,मुरलीधर मंडल,बिक्की राउत,मनीष सिंह,दीपक स्वर्णकार,रामवतार भलोटीया,मनोज साह,श्रीधर दास,दिनेश सिंह,ममता साह,नीतू झा,अविनाश सोरेन,प्रवीण सिंह,शैलेश राव,महेंद्र मंडल,नीतू झा,संजय जोशी,अशोक ध्रुवलिया,अमन राज,अजय सिंह,भुवनेश्वर टुडू,सूचंद दास,कुश कुमार पाल, इंद्रजीत कुमार,गोविंद दान,बीरेंद्र मरांडी,संतोष सोरेन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।