विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा पर दढ़वा नदी समेत छह स्थानों पर स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम
देवघर(5 जून): विश्व पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा के पावन अवसर पर आज देवघर में दढ़वा नदी के किनारे एक भव्य स्वच्छता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन ‘नमामि गंगे योजना’ के तहत राष्ट्रीय गंगा स्वच्छता मिशन और राज्य गंगा स्वच्छता मिशन के अंतर्गत, देवघर जिला प्रशासन और देवघर नगर निगम द्वारा संयुक्त रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दढ़वा नदी के पुनर्जीवन हेतु जनभागीदारी को बढ़ावा देना, जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को बढ़ाना था। इस अवसर पर ‘प्लास्टिक हटाओ, कपड़ा अपनाओ’ अभियान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में देवघर विधायक सुरेश पासवान ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से उत्साहवर्धन किया। उनके साथ नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं निगम पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस स्वच्छता श्रमदान और वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्थानीय सामाजिक संगठनों और जनसामान्य की भागीदारी उल्लेखनीय रही। ‘दढ़वा बचाओ आंदोलन’, एनसीसी कैडेट्स, इनर व्हील क्लब, नगर निगम के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूहों, और आम नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण की शपथ ली।
राज्य गंगा स्वच्छता मिशन, शहरी विकास एवं आवास विभाग की ओर से संचार सह सामाजिक विकास प्रबंधक अंजना भारती भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त श्री रोहित सिन्हा ने कहा कि “पिछले कुछ दिनों से नगर निगम द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। आज से यह श्रमदान आम जनमानस की भागीदारी से एक जन-आंदोलन का रूप ले रहा है, जिसमें एनजीओ, स्वयं सहायता समूह, जिला प्रशासन, और हमारे जनप्रतिनिधि मिलकर नदी की रक्षा के लिए जुटे हैं।
यह पहल ‘नमामि गंगे’ योजना के तहत न केवल गंगा, बल्कि हमारी सभी नदियों और जल स्रोतों के संरक्षण का प्रयास है। हमारा लक्ष्य है कि हम आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करें।
श्रमदान सिर्फ शारीरिक श्रम नहीं, यह हमारी नदियों और पर्यावरण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। दढ़वा नदी हमारी सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर है — इसे संरक्षित रखना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।
दढ़वा नदी के अतिरिक्त नगर निगम द्वारा पाँच अन्य स्थलों —
1. मोहनपुर अफॉर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट परिसर,
2. छत्तीस-बत्तीस पार्क,
3. पछियारी कोठिया एफएसटीपी प्लांट परिसर,
4. बसुआडीह, तथा
5. साहेब पोखर पार्क
में भी स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जनजागरूकता व पर्यावरण शपथ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन स्थलों पर भी स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों, निगम कर्मियों व स्वयंसेवकों की भागीदारी सराहनीय रही।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वच्छता एवं पर्यावरण शपथ के साथ हुआ। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने आने वाले समय में नियमित रूप से पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।