चेतना विकास एवं नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में “मिट्टी पूजन समारोह सह प्राकृतिक खेती का उत्सव” का हुआ आयोजन
दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत ग्राम दुलाताड़ में 18 जून 2025 को चेतना विकास एवं नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में “मिट्टी पूजन समारोह – धरती को नमन, प्राकृतिक खेती का उत्सव” का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह JIVA परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ना, मिट्टी की उर्वरता को संरक्षित करना, और कृषि को टिकाऊ एवं जीवनदायी बनाना है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से गोड्डा संसद डॉ. निशिकांत दुबे, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह उपस्थित थे।

समारोह की शुरुआत पारंपरिक मिट्टी पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात प्राकृतिक इनपुट्स जैसे जीवामृत और बीजामृत का प्रदर्शन किया गया। चेतना विकास के सचिव कुमार रंजन ने सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आगमन से प्राकृतिक खेती के उत्सव में किसानों का हौसला वर्धन हुआ है।
मुख्य अतिथि गौतम कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “प्राकृतिक खेती केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि धरती के साथ हमारे रिश्ते की पुनर्स्थापना है।”
विशिष्ट अतिथि गोड्डा संसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि मिट्टी की रक्षा, जल की रक्षा और बीज की स्वतंत्रता ही आने वाले समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आदिवासी समुदाय से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य और संस्कृति दोनों पर ध्यान केंद्रित करें और अपनी जड़ें मजबूत करें।
आगे उन्होंने स्पष्ट कहा कि “मैं गाँव का नेता हूँ, और शिक्षा, स्वास्थ्य, जल तथा खेती — इन सभी विषयों पर पहले भी काम किया है और आगे भी करता रहूँगा।
चेतना विकास की निदेशिका रानी कुमारी ने जानकारी दी कि नाबार्ड के सहयोग से क्षेत्र में पहले से WADI परियोजना संचालित थी, और उसी की आगामी कड़ी के रूप में JIVA परियोजना प्रारंभ की गई है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत किसानों को प्रशिक्षण, फील्ड सपोर्ट और जैविक इनपुट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे न केवल पर्यावरण की रक्षा हो रही है, बल्कि किसानों की आय और आत्मसम्मान में भी वृद्धि हो रही है।
कार्यक्रम में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक रूपेश कुमार ने बैंक की तरफ से बुजुर्गों के के लिए छाता और बच्चों के लिए पठन-पाठन सामाग्री वितरित कराया। वहीं कार्यक्रम में सुबोध कुमार ने प्राकृतिक खेती की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नाबार्ड के डी.डी.एम सुभेन्दु बेहरा का मंच संचालन एवं अन्य तैयारियों में विशेष सहयोग रहा साथ ही चेतना विकास के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

