देवघर एथलेटिक्स एसोसिएशन के टैलेंट हंट में 83 खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर
देवघर: जिले की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से देवघर एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा संचालित टैलेंट हंट कार्यक्रम के तहत बुधवार को मोहनपुर प्रखंड स्थित फुटबॉल स्टेडियम में प्रखंड स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजन में अंडर-14, अंडर-16 तथा सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ शॉट पुट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। मैदान पर प्रतिभागियों का उत्साह और खेल के प्रति समर्पण आकर्षण का केंद्र रहा।
प्रतियोगिता में कुल 83 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 55 लड़के और 28 लड़कियां शामिल थीं। बेटियों की सक्रिय भागीदारी ने यह संकेत दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल प्राधिकरण के सचिव एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की योजना समिति के अध्यक्ष आशीष झा ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक प्रखंड और गांव से छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें आगे बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि मोहनपुर के बाद टैलेंट हंट कार्यक्रम का अगला चरण 24 जून को सरवां प्रखंड में आयोजित किया जाएगा।
वहीं, देवघर एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव मनोज मिश्रा ने आयोजन की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मोहनपुर से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी सामने आए हैं। इन खिलाड़ियों को आगे प्रशिक्षण देकर जिला स्तरीय और अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला खेल कोच चंदन कुमार सहित सकलेन, साहिल, रुद्र कुमार, कैफ खान, आसिफ खान और राजकुमार समेत अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की सराहना की।

