भाविप देवघर शाखा ने विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वच्छता, पौधारोपण और कपड़े का बैग वितरित किया
देवघर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज 5 जून 2025 को भारत विकास परिषद देवघर शाखा के सदस्यों ने तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रम किया। सबसे पहले प्रातः 7 बजे हदहदिया पुल के निकट जलसार पार्क के वॉकिंग पाथ के मुख्य गेट के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके पश्चात पर्यावरण दिवस 2025 के थीम “वैश्विक स्तर पर प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करना” पर जागरूकता फैलाते हुए तिवारी चौक में पॉलिथीन में सब्जी खरीद रहे लोगों को कपड़े का कैरीबैग वितरित किया गया। प्लास्टिक छोड़ने की जागरूकता के लिए सांकेतिक रूप से लगभग 250 लोगों को कैरीबैग वितरित किया गया। कार्यक्रम के तीसरे चरण में परिषद के द्वारा जलसार चिल्ड्रेन पार्क में 40 रंग-बिरंगे फूल के पौधे लगाए गए।
पर्यावरण दिवस के इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पौधे और वृक्ष लगाने और लोगों और विभिन्न संस्थाओं को पौधा उपलब्ध कराने के शौकीन के रूप में प्रसिद्ध डॉ. एस. सी. नायक थे। परिषद के उत्तर झारखंड प्रांत के महासचिव प्रकाश चन्द्र सिंह की उपस्थिति में शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक, सचिव कंचन शेखर सिंह, वित्तसचिव एस. पी. भुईयां बिलास, उपाध्यक्ष अभय कुमार, पर्यावरण संयोजक प्रशांत कुमार सिन्हा, रंजीत बरनवाल, रामकिशोर सिंह, आशा प्रसाद, किरण बरनवाल, कंचन मूर्ति साह सहित कुछ सफाईकर्मी मौजूद थे। भाविप देवघर शाखा के अध्यक्ष आलोक मल्लिक ने बताया कि परिषद ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संतुलित पर्यावरण अनुकूलता के लिए स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, पौधारोपण और पॉलिथीन बैग के उपयोग को छोड़ने का संदेश देने का छोटा प्रयास इस कार्यक्रम के माध्यम से किया है। वहीं उन्होंने जलसार वॉकिंग पाथ के पर्याप्त रखरखाव, स्वच्छता और गार्डेनिंग की समुचित व्यवस्था नहीं रहने पर चिंता व्यक्त किया है। उन्होंने निगम प्रशासन से इसके उचित और स्वच्छ रखरखाव की आवश्यक व्यवस्था बहाल करने की अपेक्षा व्यक्त किया है।