दुमका (शहर परिक्रमा)

भाजपा ने चलाया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान

दुमका: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, दुमका द्वारा ” एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत बासुकीनाथ नगर पंचायत के बूथ संख्या 42 में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा दुमका जिला अध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद ने किया।

इस अभियान के तहत् कार्यकर्ताओं ने अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने समाज को यह प्रेरणा देने का प्रयास किया कि वृक्षारोपण सिर्फ एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति एक कर्तव्य है।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत प्रसाद ने कहा कि “पेड़ सिर्फ ऑक्सीजन देने वाले जीव नहीं, बल्कि भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव का प्रतीक भी बन सकते हैं। ‘ एक पेड़ माँ के नाम’ सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, कर्तव्य और संवेदनशीलता का प्रतीक है। भाजपा कार्यकर्ता न केवल संगठन को मज़बूत करते हैं, बल्कि समाज को भी हर दृष्टिकोण से जागरूक और सशक्त बनाते हैं। यह कार्यक्रम हमारी उस सोच का हिस्सा है जिसमें हम प्रकृति और परिवार दोनों को साथ लेकर चलते हैं।”

कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे प्रत्येक वर्ष इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ेंगे।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रविकांत मिश्रा, पूनम देवी, मनोरमा देवी, मनोज साह, प्रवीण सिंह, पप्पू सिंह, जयप्रकाश शर्मा, नरेश पंडा, सुधीर सिंहा और बालमुकुंद ठाकुर उपस्थित रहे।

संवाददाता:- आलोक रंजन