देवालय में भ्रष्टाचार: सन्दर्भ बाबा मंदिर वायरल वीडियो
12 ज्योतिर्लिंगों में एक देवघर अवस्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर हमेशा से हिन्दुओं के लिए आस्था का विशेष केंद्र रहा है। यही कारण है कि यहाँ प्रतिदिन हजारों लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के कामनालिंग पर जल अर्पण करने पहुंचते हैं। जगजाहिर है कि इतनी भीड़ में आम दिनों के दौरान श्रद्धालुओं को 4 घंटे, 5 घंटे और श्रावण मेले के दौरान तो 10-12 घंटे भी पूजा करने में लग जाते हैं।
ऐसे में इतनी भीड़ को सुगमता पूर्वक जलार्पण के लिए प्रशासन से लेकर तीर्थ पुरोहितों ने तरह तरह के उपाय आजमाये। इन्ही उपायों में एक ‘शीघ्र दर्शनम’ योजना भी है जिसके तहत श्रद्धालु ₹300 के कूपन लेकर अलग कतार से पूजा करते हैं, जिससे उन्हें अपेक्षाकृत कम समय लगता है।
हालिया मामला
कहते हैं कि भगवान शिव सिर्फ देवता ही नहीं दूत-भूत और पिशाचों के भी आराध्य हैं। इन्हीं में से कुछ ने श्रद्धालुओं से सुविधा के नाम पर धन अर्जन का रास्ता ढूंढ़ लिया और अतिरिक्त धन लेकर बाबा मंदिर के प्रशासनिक द्वार से श्रद्धालुओं को पूजा कराने के काम पर लग गए।
मामला कैसे प्रकाश में आया?
हालांकि बाबा मंदिर में कई मौकों पर अतिरिक्त पैसे लेकर पूजा कराने का विवाद होता रहा है। लेकिन इस बार किसी मोबाइल यूजर ने मंदिर के प्रशासनिक द्वार से पैसे लेकर प्रवेश कराने का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने किया कार्यवाही की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री निर्मल झा ने संज्ञान लेते हुए एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया। वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मामले कि जानकारी मुझे सोशल साइट्स पर वायरल वीडियो के माध्यम से हुई हैं, इस वावत मैंने प्रशासनिक पदाधिकारी को सूचित किया हैं। वायरल वीडियो के माध्यम से पैसे उगाही करने वाले कुछ व्यक्तियों को पहचान रहा हूं, जो सभी के सभी मंदिर प्रशासनिक भवन में ही रहते हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर में दर्शन हेतु 2 व्यवस्थाएं लागू हैं। प्रथम नार्मल दर्शन और दूसरा VIP दर्शन….. अब ये VVIP दर्शन किसके सह पर हो रहा हैं इसकी जाँच के लिए प्रशासन से आग्रह करूँगा।

उन्होंने आगे कहा कि पिछले 9 जून को मैंने देवघर उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा हैं जिसमें उमा भवन में कुर्सी और टाइम स्लॉट देकर VIP पूजा कराने का आग्रह किया हैं ताकि VIP कूपन वाले को VIP की अनुभूति भी हो और सरकारी राजस्व भी बढ़े।
सी.सी.टी.वी. फुटेज की हो जाँच: विनोद दत्त द्वारी

अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद दत्त द्वारी ने देवघर उपायुक्त को एक पत्र के माध्यम से कहा है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर के प्रशासनिक भवन के प्रथम तल से नित्य सैकड़ों यात्रियों को प्रवेश कराकर अवैद्य वसूली की जा रही है जो नित्य सोशल मिडिया में वायरल हो रहा है। जिससे बाबा बैद्यनाथ मंदिर एवं जिला प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है तथा पंडा/पूरोहित समाज में भी आक्रोश बढ़ते जा रही है। विदित हो कि प्रशासनिक भवन से सिर्फ पदाधिकारी एवं उनके द्वारा अनुशंसित एवं अधिकृत दर्शनार्थियों को ही प्रवेश की अनुमति है। फिर किस प्रकार और किनके संरक्षण में वसूली कार्य हो रहा है इसकी जाँच अति आवश्यक है। साक्ष्य हेतु प्रशासनिक भवन प्रथम तल भी.आई.पी. प्रवेश द्वार के सी.सी.टी.वी. फुटेज की जाँच की जा सकती है।

