डीएवी कास्टर टाउन में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन
देवघर: आज दिनांक 05.09.2025 को गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाउन, देवघर में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह तथा शिक्षकों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देकर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएंँ दीं। साथ ही उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन का संक्षिप्त जीवन परिचय देते हुए शिक्षकों को उनके विचारों व आदर्शों को समझते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन के हर मोड़ पर शिक्षक की आवश्यकता है।राधाकृष्णन ने अज्ञानता का पर्दा हटाकर ज्ञान रूपी दीपक जलाने का अद्भुत कार्य किया है।आज के दिन बच्चों को अपने शिक्षकों के प्रति आभार जताने और सम्मान करने की प्रेरणा मिलती है। शिक्षक हमारे जीवन के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता-पिता हमें जीवन देते हैं परंतु जीवन को सही दिशा देने का कार्य शिक्षक करते हैं। वे न केवल हमें पुस्तकों का ज्ञान प्रदान करते हैं बल्कि अच्छे संस्कार,अनुशासन और चरित्र निर्माण की शिक्षा भी देते हैं।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक – शिक्षिकाएँ एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उक्त बातों की जानकारी मीडिया प्रभारी अमित कुमार सिंह ने दी।

