कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में मनाया गया ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’

  कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में आज 25.01.26 को ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखने और निष्पक्ष मतदान करने का संकल्प लिया।

    कार्यक्रम की शुरुआत अभया श्री के नेतृत्व में हुई। जहाँ प्राचार्य, सभी शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने सत्यनिष्ठा से मतदान करने की शपथ ग्रहण की। इसके बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मतदान के महत्व पर प्रभावशाली संदेश दिए।
       मौके पर वर्षा प्रिया द्वारा आयोजित रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आराध्या सिंह ने अपनी कविता के माध्यम से मतदान की शक्ति को अभिव्यक्त किया। समृद्धि वर्मा ने ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ की प्रासंगिकता पर प्रभावी भाषण प्रस्तुत किया।
     विद्यालय के विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आकर्षक चित्रों और सशक्त स्लोगनों के माध्यम से — “सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो” जैसे संदेशों को सुंदरता से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन लक्ष्मी द्वारा किया गया।
      विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि “एक जागरूक मतदाता ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। ‘राष्ट्रीय मतदाता दिवस’ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भारत जैसे विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को और अधिक मजबूत करने का संकल्प है। मतदान वह क्षण है जहाँ अमीर-गरीब, शिक्षित-अशिक्षित, और विभिन्न जाति-धर्मों के लोग एक ही कतार में खड़े होते हैं — जहाँ सबकी शक्ति बराबर होती है। मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारा महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है।”
     कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक दिनेश कुमार दुबे तथा अन्य सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।