सात दिवसीय शिवशक्तात्मक महारुद्र यज्ञ आज से प्रारंभ, भव्य शोभायात्रा निकली
देवघर: विश्व कल्याण की कामना के साथ स्थानीय “बम बम बाबा ब्रह्मचारी” की तपस्थली में सात दिवसीय शिवशक्तात्मक महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ 6 मई से होने जा रहा है। इसके पूर्व आज मंगलवार को बम बम बाबा कुटिया से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

शोभायात्रा बम बम बाबा कुटिया से प्रारंभ होकर सीता होटल, शिक्षा सभा चौक और बैद्यनाथ लेन होते हुए बाबा मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा “बम बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
यज्ञ समिति के संयोजक प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि यह आयोजन पंडा धर्म रक्षिणी सभा के तत्वावधान में शिव शक्ति महारुद्र यज्ञ आयोजन समिति, देवघर द्वारा 6 मई से 12 मई तक किया जाएगा। यज्ञ का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति और कल्याण है।
उन्होंने जानकारी दी कि यज्ञ के आचार्य पंडित कुणाल महाराज होंगे, जबकि यजमान के रूप में सदानंद खवारे भाग लेंगे। यज्ञ में ब्रह्मा के रूप में पंडित अशोक परिहस्त की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके अलावा सुधांशु भगत, नरेन्द्र, मनीष, दिनेश, ललन, राजू और सुनील सहित कुल 22 वैदिक पंडितों द्वारा विधिवत अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर यज्ञ को सफल बनाने की अपील की है।

