देवघर (शहर परिक्रमा)

विश्व पर्यावरण दिवस पर आजसू पार्टी द्वारा 108 फलदार पौधों का वितरण

देवघर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आजसू पार्टी देवघर जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य एवं पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को लेकर 108 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस अवसर पर आम, अमरूद, कटहल, लीची, जामुन सहित विभिन्न प्रकार के फलदार पौधे लोगों के बीच बांटे गए तथा सभी से पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने का आग्रह किया गया।

   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदर्श लक्ष्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और लगातार घटते हरित क्षेत्र के कारण मानव जीवन पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि फलदार वृक्ष न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पोषण और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण स्रोत हैं।
     केंद्रीय सचिव राजा साहनी ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, जल संरक्षण करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण के लिए छोटा-सा भी योगदान दे, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
    आजसू पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर हरित देवघर और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।