योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन की बैठक संपन्न
देवघर: योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, देवघर की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को अंजुला मेंशन, देवघर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आगामी योगासन प्रतियोगिताओं एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दिनांक 18 जून 2026 को इंदौर स्टेडियम, देवघर में जिला स्तरीय योगासन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं संस्थानों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर जिला टीम का गठन किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चयनित खिलाड़ियों की जिला टीम को 24 जून 2026 को आयोजित राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु भेजा जाएगा, जहाँ वे देवघर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से बैठक में मीडिया प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। इसके तहत डॉ. रूपाश्री को संगठन का मीडिया प्रभारी तथा कृष्ण कुमार को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त, खिलाड़ियों के निष्पक्ष चयन हेतु चयन समिति (Selection Committee) का गठन किया गया। समिति में कृष्ण कुमार, गौतम कुमार, संतोष पॉल, मोहित केसरी एवं सोनी सिंह को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। चयन समिति जिला स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए टीम का चयन करेगी।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि योगासन खेल के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए यह प्रतियोगिता जिले में योगासन खेल के विकास एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मौके पर योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, देवघर के अध्यक्ष डॉ वीरेंद्र सिंह, सचिव ऋषि राज सिंह, कोषाध्यक्ष राजश्री मालवीय, संयोजक संजय मालवीय, मीडिया प्रभारी डॉ रूपाश्री, सह मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार इत्यादि उपस्थित थे।

