डीएवी भंडारकोला में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
देवघर: 11 जून से 13 जून 2026 तक चले तीन दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम (प्रथम चक्र) का सफल समापन सातर रोड स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में हुआ।

यह कार्यक्रम क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, झारखंड ज़ोन-बी तथा डीएवी सीएमसी, डीएवी सीएई के तत्वावधान में हुआ। समापन समारोह में डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला के प्राचार्य मोहम्मद मुस्तफा मजिद ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षकों को निरंतर नए कौशल सीखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “परिवर्तन ही जीवन का एकमात्र स्थायी सत्य है।” समय के साथ शिक्षकों को अपने ज्ञान को कौशल के साथ विद्यार्थियों तक पहुँचाना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के प्रमुख आधार हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचारपूर्ण शिक्षण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सीखना और स्वयं को अद्यतन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। हमें डीएवी संस्थाओं के साझा उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए, ताकि हम सफलता के सर्वोच्च शिखर तक पहुँच सकें।
बी एन साहा डीएवी बुलाकी रोड की प्राचार्या प्रेरणा शंखधार ने सभी प्रतिभागियों, रिसोर्स पर्सन, मास्टर ट्रेनर को उनके सहयोग के लिए बधाई दी। उन्होंने शिक्षकों को अपने विषय के बारे में अधिक से अधिक सीखने और 21वीं सदी के शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।शिक्षकों को अपने विषय के बारे में और अधिक सीखने तथा 21वीं सदी के शिक्षार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि
यह एक अद्भुत अनुभव रहा। इसमें अनुभवी शिक्षकों और नव-नियुक्त शिक्षकों का सुंदर समन्वय देखने को मिला। शैक्षणिक गतिविधियों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु टीमवर्क की भावना पर बल दिया गया, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, बोलचाल का अंग्रेज़ी कौशल, उपचारात्मक शिक्षण तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम की सफलता में बी एन साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, गिरीडीह के प्राचार्य सचिन गर्ग का भीअहम योगदान रहा। ईईडीपी की शिक्षिकाओं का प्रशिक्षण गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाऊन में प्राचार्य शुभाशीष चट्टराज के कुशल मार्गनिर्देशन में हुआ, जिसका आज सफल समापन हो गया।
उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

