देवघर (शहर परिक्रमा)

यात्री सुविधा दिवस 2026: देवघर एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए विशेष कार्यक्रम, सुविधाओं का होगा प्रदर्शन

देवघर: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) द्वारा देशभर में 15 जून 2026 को “यात्री सुविधा दिवस” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में देवघर एयरपोर्ट पर भी विभिन्न जन-जागरूकता एवं यात्री हित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर यात्रियों का पारंपरिक तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा तथा हवाई यात्रा को अधिक सुविधाजनक और यादगार बनाने के लिए एयरपोर्ट की उपलब्धियों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

     इस बावत जानकारी देने हेतु देवघर एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक जॉय बनर्जी द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। जहाँ उन्होंने बताया कि-

देवघर एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक जॉय बनर्जी

    👉 देवघर एयरपोर्ट ने पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्रीय संपर्क और यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्तमान में यह दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों से जुड़ा हुआ है। एयरपोर्ट पर चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच सुविधाओं और बोर्डिंग गेट्स के विस्तार के बाद पीक आवर यात्री क्षमता 300 से बढ़कर 540 यात्रियों तक पहुंच गई है।
   👉 यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट परिसर में फूड एंड बेवरेज आउटलेट, रेस्तरां, बेबी केयर रूम, रिटेल स्टोर, मसाज चेयर, निःशुल्क वाई-फाई, लैपटॉप वर्कस्टेशन, बच्चों के खेल क्षेत्र तथा ‘फ्लायब्रेरी’ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। फ्लायब्रेरी पहल के माध्यम से यात्रियों को पुस्तकों से जोड़ने और पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
     👉 यात्री सुविधा दिवस के अवसर पर सामूहिक वंदे मातरम् गायन, स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए एयरपोर्ट भ्रमण तथा विमानन क्षेत्र में करियर संबंधी जानकारी देने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिला कर्मचारियों और हाउसकीपिंग कर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
   उन्होंने आगे कहा कि देवघर एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार भविष्य में बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए लगभग 8,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के नए टर्मिनल भवन, अतिरिक्त विमान पार्किंग बे और विस्तारित कार पार्किंग सुविधा का विकास प्रस्तावित है। इसके पूरा होने के बाद एयरपोर्ट की पीक आवर यात्री क्षमता 1,200 तक पहुंच जाएगी।
     कार्यवाहक एयरपोर्ट निदेशक जॉय बनर्जी ने कहा कि यात्री सुविधा दिवस का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना और स्थानीय समुदाय में विमानन क्षेत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने नागरिकों से कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *