SIR 2026: देवघर नगर निगम क्षेत्र के 176 बूथों पर 18 एवं 20 जुलाई को विशेष कैंप
देवघर: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से देवघर नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत शहरी क्षेत्र के कुल 176 मतदान केंद्रों पर 18 जुलाई एवं 20 जुलाई 2026 को विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है।

SIR 2026 के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक गणना चरण में मतदाताओं को गणना प्रपत्र का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। ECI द्वारा प्राप्त प्रगति रिपोर्ट के अनुसार शहरी क्षेत्रों में इन कार्यों की गति ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में धीमी पाई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
नगर आयुक्त-सह-अतिरिक्त जिला निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, देवघर नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर BLOs द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यों में और तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने देवघर नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुका है, वे उसे सही-सही भरकर जल्द से जल्द अपने संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
वहीं, जिन मतदाताओं को अभी तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ है, वे 18 जुलाई एवं 20 जुलाई 2026 को आयोजित विशेष कैंप में अपने संबंधित मतदान केंद्र पर जाकर अपने BLO से गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं, उसे भरकर जमा भी कर सकते हैं।
विशेष कैंप का आयोजन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर किया जाएगा। मतदाताओं की सहायता के लिए BLO के साथ BLO Supervisor, Help Desk Manager एवं Volunteers भी उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन द्वारा शेष गणना प्रपत्रों को मतदाता क्रमांक के अनुसार व्यवस्थित रखने की व्यवस्था की गई है, ताकि मतदाताओं को प्रपत्र प्राप्त करने में सुविधा हो। यदि कोई मतदाता अपने मतदान केंद्र क्षेत्र से बाहर रह रहा है, तो वह अपने संबंधित BLO से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकता है।
नगर निगम प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष कैंप का लाभ उठाएं और SIR 2026 के गणना प्रपत्र को सही-सही भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।

