इग्नू जुलाई 2026 सत्र के नामांकन एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 अगस्त तक बढ़ी
देवघर: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश लेने एवं पुनः पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, देवघर के तत्वावधान में इग्नू अध्ययन केंद्र-3609, ए.एस. कॉलेज, देवघर में आयोजित एक प्रमोशनल बैठक में जानकारी दी गई कि जुलाई 2026 सत्र के नए नामांकन एवं पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी गई है।

बैठक को संबोधित करते हुए इग्नू अध्ययन केंद्र-3609, ए.एस. कॉलेज, देवघर की समन्वयक प्रो. पायल प्रियदर्शिनी ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक प्रवेश या पुनः पंजीकरण नहीं कराया है, वे निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व ऑनलाइन माध्यम से अपनी प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, देवघर के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अरविंद मनोज कुमार सिंह ने कहा कि इच्छुक विद्यार्थी विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं। साथ ही पूर्व से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए पुनः पंजीकरण की सुविधा भी 16 अगस्त तक उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर क्षेत्रीय उपनिदेशक डॉ. आदित्य जायसवाल ने कहा कि इग्नू देश का अग्रणी मुक्त विश्वविद्यालय है, जो कम शुल्क में यूजीसी मान्यता प्राप्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कार्यों के साथ पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए इग्नू एक उत्कृष्ट विकल्प है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को स्व-अध्ययन सामग्री, ऑनलाइन शिक्षण संसाधन, लचीली अध्ययन व्यवस्था तथा अध्ययन एवं परीक्षा केंद्रों की सुविधाएँ उपलब्ध कराता है।
बैठक में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र नामांकन एवं पुनः पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करें। नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए विद्यार्थी इग्नू अध्ययन केंद्र-3609, ए.एस. कॉलेज, देवघर से संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में डॉ. जानकी नंदन सिंह, डॉ. एस. एस. महतो, प्रो. अजय धन मिश्रा, प्रो. अवनी कुमार मांझी, डॉ. राजेश कुमार बिसेन, कुंदन, विशाल एवं देवानंद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

