देवघर (शहर परिक्रमा)

सहोदया ने आयोजित किया लोक नृत्य प्रतियोगिता


देवघर: भंडारकोला स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल में सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स द्वारा लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देवघर सहोदया के अध्यक्ष राम सेवक सिंह गुंजन, सचिव सह गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारकोला के प्राचार्य बलराम कुमार झा, रेड रोस स्कूल के प्राचार्य अनिल पांडे और गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल कास्टर टाऊन के प्राचार्य दिलीप सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया।

प्रतियोगिता में कुल 14 स्कूलों ने भाग लिया। रंग बिरंगे परिधान में बच्चों ने भारत वर्ष के विभिन्न प्रांतों के नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति की। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान देवसंघ नेशनल स्कूल को, द्वितीय स्थान गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला को और तीसरा स्थान तक्षशिला विद्यापीठ को मिला। लेकिन एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए सहोदया के सचिव बलराम कुमार झा ने मेजबान स्कूल के स्थान को परिवर्तित करते हुए चौथे स्थान पर रहे स्कूल सनराइज द्वारिका एकेडमी को ट्रॉफी प्रदान किया।

कार्यक्रम में जज की भूमिका में रितोदीपा बरुआ और आदर्श कुमार थे। अपने संबोधन में सहोदया के सचिव ने कहा कि प्रतियोगिता में जीत हार से बड़ी चीज़ प्रतियोगिता में भाग लेना है। दूसरी ओर सहोदया के अध्यक्ष ने कहा कि सहोदया का उद्देश्य सीबीएसई से संबद्ध स्कूल के बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। प्रतियोगिता में मंच संचालन अभिषेक सूर्य और सन्नीवा पतनडी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन सहोदया के सचिव ने किया।