भारतीय स्टेट बैंक ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन
देवघर: भारतीय स्टेट बैंक द्वारा राष्ट्र की सेवा के 70 गौरवशाली वर्षों के उपलक्ष्य में एक विशेष ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आज एसबीआई एलडी, देवघर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन बैंक के महाप्रबंधक विवेक चंद्र जयसवाल ने किया। इस मौके पर प्रशासनिक कार्यालय देवघर के उपमहाप्रबंधक अभिजीत पांगरेकर, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रशांत कुमार झा, एसबीआई एलडी के डायरेक्टर अखिलेश झा तथा मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) धीरज कुमार भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 10:00 बजे हुई और शाम 4:30 बजे तक यह उत्साहपूर्वक चला। कुल 45 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जो ज़रूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। जसीडीह शाखा से श्री सरोज कुमार सुमन इस शिविर में रक्तदान करने वाले पहले कर्मचारी बने और उन्होंने इस अभियान को प्रेरणा दी।

इस अवसर पर महाप्रबंधक विवेक चंद्र जयसवाल ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हमारे भीतर की मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव का सजीव उदाहरण है। इस प्रकार के आयोजन समाज में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
उपमहाप्रबंधक श्री अभिजीत पांगरेकर ने कहा कि ब्लड डोनेशन एक ऐसा कार्य है, जो बिना किसी भेदभाव के किसी की जान बचा सकता है। हर नागरिक को इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए, क्योंकि यह मानवता की सच्ची सेवा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक श्री प्रशांत कुमार झा ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एसबीआई हमेशा समाज के साथ खड़ा रहा है और यह रक्तदान शिविर हमारे उसी सामाजिक दायित्व का प्रमाण है। मैं सभी कर्मचारियों को उनके उत्साह और सहभागिता के लिए धन्यवाद देता हूं। यह शिविर न केवल एसबीआई कर्मचारियों की भागीदारी का प्रतीक था, बल्कि बैंक के ग्राहकों और स्थानीय समुदाय द्वारा भी इसे खूब सराहा गया। ग्राहकों ने बताया कि कोविड काल से लेकर हर आपदा में एसबीआई ने समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने का कार्य किया है। यह आयोजन एसबीआई के उस पैन इंडिया अभियान का हिस्सा है, जिसमें स्टेट बैंक के द्वारा पूरे भारतवर्ष में जून 2025 के दौरान कम से कम 5,000 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा है। इसका उद्देश्य केवल सेवा नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व को निभाना है। इस अभियान को और प्रभावशाली बनाने हेतु प्रतिभागियों को बैंक के आंतरिक सोशल प्लेटफॉर्म ‘ACE’ पर रक्तदान की तस्वीरें साझा करने हेतु प्रेरित किया गया है। भारतीय स्टेट बैंक का यह प्रयास न केवल एक सेवा भावना को दर्शाता है, बल्कि एक आंदोलन है — देश को समर्पण का, मानवता का, और जीवन के उपहार का।

