कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में एनसीसी भर्ती हेतु शारीरिक और मानसिक दक्षता परीक्षण


25 जून को डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया, कोडरमा में सत्र 2025 -26 का एन सी सी कैडेट्स का चयन किया गया। इस अवसर पर झारखंड बटालियन 45 के एनसीसी के हवलदार एम के साहू तथा विद्यालय के एनसीसी प्रशिक्षक अनिल कुमार ने एनसीसी में भाग लेने वाले कैडेट्स की शारीरिक दक्षता की जांच की। इसमें सभी बच्चों का शारीरिक स्वास्थ्य के आधार पर बारी-बारी से शारीरिक परीक्षण किया गया। बच्चों का शारीरिक दक्षता के साथ सामान्य ज्ञान एवं नवीनतम सम -सामाजिक ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। झारखंड 45 बटालियन के प्रशिक्षक हवलदार एम के साहू ने बच्चों को बताया कि एनसीसी में भाग लेने वाले बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। सरकार द्वारा आवश्यकता पड़ने पर इनकी सेवा राष्ट्रहित के लिए ली जाती है। एनसीसी कैडेट्स की ट्रेनिंग प्राप्त किया हुआ छात्र जीवन में हमेशा अनुशासित रहता है। सत्र 2025- 26 के लिए 50 बच्चों में 35 लड़कों एवं 15 लड़कियों का एनसीसी कैडेट्स के लिए चयन किया गया।


मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एनसीसी कैडेट्स का चयन किया गया। बच्चों की शारीरिक व मानसिक दक्षता का चयन पूर्णतया निष्पक्ष रूप से हुआ है। एनसीसी से प्रशिक्षित बच्चों में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के गुण विकसित होते हैं। एनसीसी का सर्टिफिकेट आर्मी, नेवी, एयरफोर्स ,पुलिस आदि की भर्ती में काफी मददगार साबित होता है । इससे मिला अनुभव एवं अनुशासन छात्रों को जीवन भर काम आता है। एनसीसी भारतीय सेना की दूसरी लाइन है। इससे प्रशिक्षण प्राप्त कैडेट्स सेना के तीनों अंगों में भर्ती के समय अधिभार ( वेटेज)प्राप्त करते हैं । अब सरकार द्वारा एनसीसी कैडेट्स की अन्य सार्वजनिक व निजी क्षेत्रों में भी प्राथमिकता दी जाने लगी है । एनसीसी से प्रशिक्षित बच्चे राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्र चेतना से परिपूर्ण राष्ट्र सेवा में योगदान के लिए अहर्निश तत्पर रहते हैं । राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित एनसीसी कैडेट्स आपदा प्रबंधन, सामुदायिक सेवा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से परिपूर्ण प्रशिक्षण मिलता है। ये राष्ट्रीय एकता व सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं । हमारे विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स बच्चे जीवन में अवश्य सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। इनकी मेहनत एवं समर्पण अवश्य जीवन में कारगर साबित होगी।