डीएवी कोडरमा में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस
डीएवी कोडरमा की प्रातः कालीन सभा में नशीली दवाओं के सेवन और अवैध तस्करी के ख़िलाफ़ आवाज उठाते हुए अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस मनाया गया। जिसमें नशा करने से होने वाले नुकसान और समाज पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को अपने हिंदी भाषण के द्वारा कक्षा आठवीं की छात्रा नेहा कुमारी ने बताया। अंग्रेजी भाषण में ग्यारहवीं की छात्रा कुमारी श्रेयसी ने बताया कि हर साल 26 जून को दुनिया भर में विश्व ड्रग दिवस मनाया जाता है, जिसे नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ़ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में भी जाना जाता है, ताकि नशीली दवाओं के दुरुपयोग से मुक्त दुनिया की दिशा में सहयोग और कार्रवाई बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन कक्षा नवमी के छात्र प्रिंस कुमार और दिव्यांश मालवा के द्वारा किया गया। कक्षा आठवीं के छात्रों द्वारा एक लघु नाटिका के द्वारा यह दिखलाया गया कि नशे से एक हॅंसता- खेलता परिवार किस प्रकार बर्बाद हो जाता है। अपनी सुंदर उक्ति द्वारा समृद्धि ने नशे से दूर रहने का सुझाव सभी को दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि हर साल 26 जून को ‘नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस’ मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को नशे की लत और गैरकानूनी ड्रग्स के व्यापार के खतरों के बारे में जागरूक करना है।इस दिन लोगों में नशे की लत के खतरों के बारे में जागरूकता बढ़ाना, रोकथाम के उपायों को बढ़ावा देना, इलाज और पुनर्वास को समर्थन देना, और देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है ताकि एक नशामुक्त समाज बनाया जा सके। उन्होंने बच्चों और समाज को जागरूक करने के लिए पूरे विद्यालय परिवार की सराहना की।

