डीएवी कोडरमा में पाठ्य सहगामी क्रियाकलापों के अंतर्गत हुआ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन
डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी-तिलैया, कोडरमा में कक्षा नर्सरी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों के बीच पाठ्य सहगामी गतिविधियों के अंतर्गत इंग्लिश राइम्स एवं क्लास बोर्ड डेकोरेशन प्रतियोगिता आयोजित हुई। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों में रचनात्मकता ,भाषा कौशल और टीमवर्क को बढ़ावा देना है ।

कक्षा नर्सरी से द्वितीय कक्षा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी प्यारी – प्यारी आवाज से काव्य पाठ कर डीएवी प्रांगण को गूँजयमान किया। किसी ने माँ की ममता और माँ के प्यार पर कविता सुनाई तो किसी ने फलों के राजा आम पर किसी ने मौसम पर तो किसी ने पंक्षियों पर राइम्स सुनाकर सभी को भाव -विभोर और मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की प्रस्तुति आत्मविश्वास से भरी हुई थी ।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आराध्या अर्णव चौधरी, आराध्या यादव, वाणी गुप्ता एवं सानिया सोनी रहीं तो वहीं दूसरा स्थान तान्या रंजन, प्रीतराज एवं रजत रंजन सिंह राठौर ने प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर आर्वी चौहान, अंशिका राज, दिव्य प्रकाश, असमी पाठक और अशी पटेल रहीं ।
कक्षा तृतीय से बारहवीं तक के छात्रों के बीच क्लास बोर्ड -डेकोरेशन प्रतियोगिता हुई । इस प्रतियोगिता में छात्रों को अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिला । प्रत्येक वर्ग के बच्चों ने अलग-अलग थीम पर अपनी-अपनी कक्षाओं के बोर्ड को सुंदर व आकर्षक ढंग से सजाया । बच्चों ने पेपर कटिंग कर विभिन्न रंगों, सामग्रियों और सकारात्मक विचारों का सामंजस्य स्थापित कर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया ।जिसमें कक्षा तृतीय से पंचम कक्षा की श्रेणी में प्रथम स्थान पर कक्षा तृतीय ‘ब’ द्वितीय स्थान पर कक्षा चतुर्थ ‘ब’ एवं तृतीय स्थान पर पंचम ‘स’ रहा। कक्षा छठी से आठवीं कक्षा की श्रेणी में प्रथम स्थान पर कक्षा आठवीं ‘स’ द्वितीय व तृतीय स्थान क्रमशः कक्षा छठी ‘ ब’ व कक्षा आठवीं ‘ब’ रहा।कक्षा नवमी से बारहवीं तक की कक्षा में प्रथम स्थान कक्षा दसवीं ‘स ‘ द्वितीय स्थान नवम् ‘अ’ तथा बारहवीं के विज्ञान संकाय ने साझा किया तथा तृतीय स्थान पर नवम् ‘ई’ रहा।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। प्राचार्य ने कहा कि हमारा विद्यालय हमारे छात्रों के सर्वांगीण विकास पर जोर देता है। ऐसी प्रतियोगिताएँ न केवल छात्रों में आत्मविश्वास भरती हैं बल्कि उनके कला -कौशल और क्षमता को बढ़ाती हैं तथा नई दिशा प्रदान करती हैं। छोटे-छोटे बच्चों की काव्य पाठ की प्रस्तुती आत्मविश्वास से भरपूर थी । यही बच्चे आगे चलकर कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपना नाम रोशन करते हैं।
प्रस्तुत प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका विद्यालय की शिक्षिका लक्की पाठक, कृति और निधि अम्बष्ट ने निभाई। कार्यक्रम का सफल संचालन सीसीए इंचार्ज पी बी खड़ंगा के दिशा निर्देश में संपन्न हुआ ।

