कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में डीएवी इंस्टीट्यूशन्स झारखंड ज़ोन एच के क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ पी हाजरा ने किया अवलोकन


डीएवी पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया,कोडरमा में डी ए वी इंस्टीट्यूशन्स झारखंड ज़ोन एच के क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ प्रबीर हाजरा ने विद्यालय के क्रियाकलापों एवं गतिविधियों का अवलोकन किया। उनके साथ डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह के प्राचार्य ओपी गोयल जी मौजूद थे।

मौके पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने पुष्प गुच्छ प्रदान कर उनका हार्दिक अभिनंदन व स्वागत किया। प्राचार्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज बड़े सौभाग्य की बात है कि हमारे विद्यालय में माननीय डॉ प्रबीर हाजरा सर उपस्थित होकर हम सभी को अपना आशीर्वाद प्रदान कर मार्ग दर्शित कर रहे हैं। इनका मार्गदर्शन एवं दिशा -निर्देश हम सभी को अवश्य सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा। इनके दिशा- निर्देश में हमारा विद्यालय अवश्य दिन दूनी रात चौगुनी उन्नति करेगा ।

प्राचार्य ने बताया कि सीबीएसई बोर्ड की 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में हमारे विद्यालय के बच्चों ने पूर्व के सारे रिकॉर्ड को तोड़ते हुए कोडरमा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यहां के बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ हर प्रकार की गतिविधियों खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रहे हैं । इस उपलब्धि को माननीय क्षेत्रीय पदाधिकारी ने खूब सराहा और सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय के परीक्षा फल एवं अन्य गतिविधियों की सफलता प्राचार्य, शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों की मेहनत तथा परिश्रम का फल है। आप सभी लोग इसी तरह निष्ठा, ईमानदारी, समर्पण एवं परिश्रम से कार्य करें, ईश्वर अवश्य आपका पथ प्रशस्त करेगा। आप सभी लोग परिश्रमी एवं ऊर्जावान हैं । परिश्रम सफलता की कुंजी है। परिश्रम से किया गया कार्य कभी भी बेकार नहीं जाता है।

आगे उन्होंने कहा कि मैंने अपने जीवन में बहुत संघर्ष किया जिसके परिणामस्वरूप आज हमने बी एन एस डीएवी में हॉस्टल, बी एड कॉलेज, डीएवी सीसीएल गिरिडीह, डीएवी सरिया को अपने परिश्रम से ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हमारी शुभकामना है कि यह विद्यालय सफलता के कदमों को चूमते हुए प्रगति के पथ पर अग्रसर हो । इस विद्यालय के लिए हमारा मार्गदर्शन एवं सहयोग हमेशा रहेगा।

अंत में प्राचार्य ने डॉ पी हाजरा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपका मार्गदर्शन हम सभी लोगों के लिए अवश्य अभिप्रेरणा से भरपूर रहेगा। मुझे आशा ही नहीं पूरा विश्वास है कि आपके दिशा निर्देश में यह विद्यालय कोडरमा जिले में ही नहीं बल्कि झारखंड राज्य में अपनी अनूठी पहचान बनाएगा। माननीय क्षेत्रीय पदाधिकारी के दिशा- निर्देश से सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त किया और विद्यालय को प्रगति के नए शिखर पर ले जाने के लिए वचनबद्धता जाहिर किया ।