खेल और संगीत के सहारे भी जीवन में मिल सकता है उच्च मुकाम: डॉ .लुईस मरांडी
दुमका: सही मार्गदर्शन और सच्चे मेहनत के सहारे खेल और संगीत को भी करियर बनाकर जीवन में सफलता हासिल की जा सकती है। झारखंड सरकार खेल की आधारभूत संरचनाओं को बढ़ाने के साथ साथ खिलाड़ियों को अपना खेल संवारने हेतु हरसंभव सहायता दे रही है।बालिकाएं बढ़-चढ़कर खेलकूद प्रतियोगिताओं में शामिल हों इसके लिए सरकार कृतसंकल्प है। जामा विधानसभा क्षेत्र की झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के तत्वावधान में कमारदुधानी स्थित फुटबॉल मैदान में 17 वर्ष से कम आयु के बालकों के लिए आयोजित प्रमंडलस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों को शुभकामना देते हुए यह बात कही।

दुमका और गोड्डा के बीच हुए एकतरफा फाइनल मुकाबले में दुमका ने 04-00 से गोड्डा को रौंदकर न सिर्फ अपने खिताब को बचाया बल्कि राज्य स्तर पर संथाल परगना प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करने का भी गौरव प्राप्त किया।विजेताओं को झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी देवेश सिन्हा ने ट्राफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
मानक संचालन प्रक्रिया का पालन न करने के कारण देवघर, जामताड़ा, साहेबगंज और पाकुड़ जिले की टीम को आयोजन तकनीकी समिति ने अयोग्य घोषित कर दिया।उल्लेखनीय है कि साहेबगंज, जामताड़ा और पाकुड़ टीम में शामिल कुल खिलाड़ियों में तीन से अधिक खिलाड़ियों के दांतों की संख्या 28 से अधिक थी,जबकि देवघर की टीम खिलाड़ियों के आवश्यक मूल दस्तावेज ससमय प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इससे पूर्व जामा, जरमुंडी और मसलिया प्रखंड के कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने आगंतुकों का लोटा-पानी तथा बैंड बाजे के माध्यम से पारम्परिक रुप से अतिथियों का स्वागत किया। संताल परगना प्रमंडल के सभी छ: जिलों की टीम ने अपने जिले के बैनर और झंडे के साथ मार्च पास्ट किया।मंच का संचालन शिक्षक मदन कुमार ने किया।
प्रतियोगिता के सफलतापूर्वक संचालन में झारखंड शिक्षा परियोजना के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी श्याम सुंदर मोदक, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक रंजन दा, सहायक कार्यक्रम प्रबंधक विभाष चंद्र महतो, क्षेत्र प्रबंधक सूरज पांडेय,शारीरिक शिक्षक क्रमशः ज्ञानप्रकाश ठाकुर,अमित कुमार, सुमन कुमार, मोइम अंसारी, कुमार नवनीत, शिवराम सिमोन टुड्डू, असीम हेम्ब्रम, प्रीतम मरांडी, जोसेफ मुर्मू, मानवेन्द्र कुमार, राजेश कुमार सरोज, सचिन कुमार, जूली किरण मुर्मू ,संतोष कुमार पटेल, दीपांकर कुमार मंडल, सुहागिनी मुर्मू, रामानंद घोष और रेफरी के रुप में इग्न्यायुस टुड्डू, पिंटू मुर्मू, उमेश टुड्डू तथा लारेंस मुर्मू तथा सहायक के रुप में गौरव कुमार सिंह आदि की भूमिका अहम रही।
संवाददाता:- आलोक रंजन

