दुमका (शहर परिक्रमा)

खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार दृढ़संकल्प: नलिन सोरेन


दुमका: गत 10 जुलाई 2025से दुमका के कमारदुधानी स्थित फुटबॉल मैदान में झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के तत्वावधान में आरंभ हुए प्रमंडलस्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया।अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद दुमका संसदीय क्षेत्र के झारखंड मुक्ति मोर्चा सांसद नलिन सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल में किक मारकर शुभारंभ किया। अंतिम दिन 15 वर्ष से कम आयु के स्कूली बच्चों के आयोजित प्रमंडलस्तरीय मुकाबले की शुरुआत की।

इस अवसर पर बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपना खेल कौशल निखारने में मदद देने के लिए सरकार पूरी तरह कृतसंकल्प है।कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य के विभिन्न विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। बच्चे इनकी मदद से विभिन्न खेलों की तकनीकी जानकारी प्राप्त कर लाभ उठा सकते हैं।अवसर पर जरमुंडी कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने बैंड-बाजे की धुन के साथ पारम्परिक रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा सांसद श्री सोरेन का स्वागत किया।मंच का संचालन शिक्षक मदन कुमार ने किया।

अतिरिक्त समय में किये गये एकमात्र गोल की सहायता से देवघर ने गोड्डा को 01-00 से मात देकर खिताब पर कब्जा जमा लिया। उपविजेता गोड्डा के खेल की भी सबों ने सराहना की।पहले सेमीफाइनल मुकाबले में देवघर ने साहेबगंज को 01-00 तथा दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में उलटफेर करते हुए गोड्डा ने दुमका को 01-00 से हराकर फाइनल का सफर पूरा किया।

लीग चरण में ग्रुप ए में दुमका और देवघर दोनों टीमों ने 10-10 गोल के अंतर से जामताड़ा को हराकर सेमीफाइनल में पहुंची थी,जबकि ग्रुप बी से कोई भी टीम किसी अन्य टीम के खिलाफ कोई गोल नहीं बना सकी। लॉटरी के आधार पर साहेबगंज और गोड्डा ने सेमीफाइनल के लिए पात्रता हासिल की थी। पहले तीन स्थान पर आई विजेता टीम को ट्राफी तथा टीम के खिलाड़ियों को मेडल के साथ प्रशस्ति-पत्र दिये गये।

इससे पूर्व झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची द्वारा प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक निशा पन्ना, मो.मोदस्सर तथा उमेश कुमार दास ने प्रतियोगिता आयोजन के तमाम पहलुओं यथा खिलाड़ियों के आवासन,भोजन सहित खेल संचालन की तमाम तकनीकी बारीकियों का गहनता से निरीक्षण कर आयोजन के प्रति संतोष प्रकट किया।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी देवेश सिन्हा,सहायक कार्यक्रम प्रबंधक विभाष चंद्र महतो,शाखा प्रबंधक सूरज पांडे, शारीरिक शिक्षक क्रमशः ज्ञानप्रकाश ठाकुर, अमित कुमार, सुमन कुमार, मोइम अंसारी, कुमार नवनीत, शिवराम सिमोन टुड्डू, असीम हेम्ब्रम, प्रीतम मरांडी, जोसेफ मुर्मू, मानवेन्द्र कुमार, राजेश कुमार सरोज, सचिन कुमार, जूली किरण मुर्मू , संतोष कुमार पटेल, दीपांकर कुमार मंडल, सुहागिनी मुर्मू, रामानंद घोष और रेफरी के रुप में इग्न्यायुस टुड्डू, पिंटू मुर्मू, उमेश टुड्डू तथा लारेंस मुर्मू की भूमिका अहम रही।

संवाददाता: आलोक रंजन