डीएवी कोडरमा में मनाया गया कारगिल विजय दिवस
डीएवी कोडरमा की प्रातः कालीन सभा में कारगिल विजय दिवस युद्ध में शहीद हुए भारतीय जवानों के सम्मान और उनकी शहादत को याद करते हुए मनाया गया। इस अवसर पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा अमर जवान ज्योति एवं कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उसके पश्चात कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अपार साहस को अपनी हिंदी भाषण में कक्षा आठवीं की छात्रा लक्ष्मी कुमारी ने प्रस्तुत किया। अपनी हिंदी कविता के द्वारा कक्षा आठवीं की छात्रा आकृति सिंह ने भारतीय सैनिकों के शौर्य, वीरता और साहस की गाथा को गाया।

इस अवसर पर साक्षी और समूह ने ‘आरंभ है प्रचंड’ गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। भारतीय सैनिकों के बलिदान और उनके त्याग पर खुशी और उनके समूह द्वारा गाये गए गीत से सभी की ऑंखें नम हो गई। भारतीय सैनिकों के विजय अभियान की विस्तृत गाथा को आराध्या ने अंग्रेजी भाषण के द्वारा प्रस्तुत किया। मंच संचालन रूही और सौमन्या के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अपने संदेश में कहा,कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना की सफलता,हमारे जवानों की बहादुरी, बलिदान और देशभक्ति का प्रतीक है।भारत ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तान को हराकर ऐतिहासिक विजय हासिल की थी।यह दिन उन वीर सपूतों की याद में समर्पित है,जिन्होंने 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ़ कारगिल युद्ध में अदम्य साहस दिखाया और भारत की सरहदों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इस दिन को मनाने का उद्देश्य ना सिर्फ शहीदों को श्रद्धांजलि देना है, बल्कि देशभक्ति की भावना को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कुमार सतीश सिंह,दिनेश कुमार दुबे, बलराम मिश्रा, अनिल कुमार और खुशबू कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

