किसी भी परिस्थिति में जिले से एक भी मानव तस्करी ना हो: उपायुक्त
दुमका: समाहरणालय के सभागार कक्ष में बुधवार को जिले के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई के द्वारा विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी दिवस के अवसर पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर विधिवत् रूप से किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री सिन्हा ने अपने वक्तव्य में कहा कि किसी भी परिस्थिति में जिले से एक भी मानव तस्करी ना हो, संबंधित पदाधिकारी इसे सुनिश्चित करेंगे। मानव तस्करी की प्राप्त सूचना पर जिला प्रशासन किसी भी प्रकार की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं करेगी। मानव तस्कर के विरुद्ध त्वरित विधि सम्मत कार्रवाई की जायेगी। साथ ही उन्होंने बाल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्यरत स्वयं सेवी संस्थाओं को जोखिम वाले क्षेत्र में जोखिमपूर्ण परिवारों की मैपिंग कर जिले को सूची उपलब्ध कराने का निदेश दिया और संबंधित पदाधिकारियों को अग्रेत्तर कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिले केउप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने कहा कि मानव तस्करी के विरुद्ध जिले में व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार हो। साथ ही उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को मानव तस्करी के विरुद्ध शपथ दिलाई। जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र की अगुवाई में चाइल्ड हेल्पलाइन एवं स्वयं सेवी संस्थान ग्राम ज्योति, ग्राम साथी, प्रवाह के साथ टीन बाजार चौक से जिला समाहरणालय तक मानव तस्करी के विरुद्ध जन जागरूकता हेतु रैली निकाली गयी एवं पोस्टर पम्पलेट के माध्यम आमजनों को जागरूक किया गया।
उक्त कार्यशाला में सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सुचिता किरण भगत, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी प्रकाश चन्द्र, बाल कल्याण समिति की किरण तिवारी, सुबीर कुमार भट्टाचार्य, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अंजू कुमारी, विशेष किशोर पुलिस पदाधिकारी सह पुलिस उपाधीक्षक (मु०) इकुड डुंगडुंग, श्रम अधीक्षक शैलेन्द्र साह, चाइल्ड हेल्पलाइन के सभी सदस्यगण, सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, निरीक्षक रेलवे सुरक्षा बल, अधीक्षक बालगृह, नीति आयोग से अमलेश कुमार एवं स्वयं सेवी संस्थान से ग्राम ज्योति, ग्राम साथी, प्रवाह, लोक कल्याण सेवा केंद्र, जन साहस, जनमत शोध संस्थान, आयोआद्री तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय रूप कार्यरत संस्थाएं मौजूद थे।
संवाददाता:- आलोक रंजन

