एम्स देवघर में प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित, महामहिम ने कहा- सुखद है कि पदक प्राप्त करने वालों में बेटियों की संख्या अधिक
देवघर: आज दिनांक 31 जुलाई, 2025 को एम्स, देवघर में प्रथम दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एम्स देवघर के अध्यक्ष प्रो.(डॉ.) एन.के. अरोड़ा ने की। साथ ही मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय व पेट्रोकेमिकल की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा उपस्थित थे।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ (प्रो)सौरभ वार्ष्णेय ने स्वागत भाषण देते हुए एम्स की स्थापना और विशेषताओं के बारे में बताया।
तत्पश्चात एम्स देवघर से वर्ष 2019 बैच के एम.बी.बी.एस. पाठ्यक्रम उतीर्ण तीन उत्कृष्ट छात्रों को क्रमश: स्वर्ण, रजत एवं कास्य पदक व एक छात्र को उत्कृष्ट उपस्थिति हेतु पदक के साथ अन्य छात्र/छात्राओं को एम.बी.बी.एस. डिग्री की उपाधि प्रदान की गई।

दीक्षांत समारोह के मौके पर मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पदक प्राप्त करने वाले डॉक्टरों की सराहना करते हुए कहा कि देवघर एम्स में कल्चर और एक्सीलेंस की शुरुआत हुई है। सुखद है कि आज पदक प्राप्त करने वालों में बेटियों की संख्या अधिक है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर को समाज में भगवान का दर्जा प्राप्त है। इसलिए आप ऐसे व्यवहार कुशल डॉक्टर बने जिनके पास पहुंचकर मरीज व उनके परिजन बेहतर महसूस करें।
साथ ही उन्होंने कहा कि देवघर एम्स ने जो 5 गांव गोद लिया है इसे और बढ़ाना चाहिए। स्वास्थ्य सुविधा में सुधार के लिए एम्स जैसे संस्थान की अति आवश्यकता है।
वहीं झारखण्ड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि अपने गांव की प्रथम छात्रा माननीय राष्ट्रपति के उपस्थिति ने एम्स देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक बना दिया है। उन्होंने नए बने चिकित्सकों को शुभकामना देते हुए कहा कि आपका सफ़ेद कोट सिर्फ वर्दी नहीं बल्कि एक विश्वास है, जिसे निभाना आपकी जिम्मेवारी है।

झारखण्ड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि मरीज का दर्द और इंसान को इंसान समझना ही किसी चिकित्सक का मूल धर्म होना चाहिए। एम्स देवघर भारत सरकार और झारखण्ड सरकार की मिली जुली व्यवस्था है जिससे देवघर ही नहीं आप पास का क्षेत्र भी लाभान्वित हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हेमंत सरकार राज्य में 6 मेडिकल कॉलेज की स्थापना करने जा रही है वहीं हम रिम्स-2 की की भी स्थापना करने जा रहे हैं।

