देवघर (शहर परिक्रमा)

रोटरी क्लब ऑफ देवघर के अध्यक्ष पीयूष जायसवाल को “प्रोजेक्ट वसुंधरा” के लिए मिला सम्मान

देवघर: एम्स देवघर के प्रथम दीक्षांत समारोह के दौरान रोटरी क्लब ऑफ देवघर के अध्यक्ष एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के वाइस चेयरमैन पियूष जायसवाल को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए “प्रशंसा पत्र” प्रदान किया गया।
   यह सम्मान एम्स परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह के मंच पर प्रदान किया गया। यह पुरस्कार विशेष रूप से “प्रोजेक्ट वसुंधरा” और श्री जायसवाल की निरंतर रक्तदान सेवा के लिए मान्यता स्वरूप दिया गया।

      जानकारी हो कि वर्ष 2021 में श्री जायसवाल द्वारा शुरू किया गया यह अभियान एम्स देवघर परिसर में 50,000 पौधारोपण से प्रारंभ हुआ था, जिसे बाद में बढ़ाकर 75,000 पौधे तक विस्तारित किया गया। यह परियोजना एम्स को एक हरित, स्वच्छ और पर्यावरण-उपचारात्मक (eco-therapeutic) वातावरण में परिवर्तित करने में मील का पत्थर साबित हुई है।
   वहीं पियूष जायसवाल विगत 6 वर्षों से लगातार एम्स देवघर और आस-पास के क्षेत्रों में निःशुल्क रक्तदान शिविरों का आयोजन कर सैकड़ों मरीजों के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
     सम्मान प्राप्त करने के पश्चात् पियूष जायसवाल ने कहा कि “मैं यह पुरस्कार रोटरी क्लब ऑफ देवघर और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर के प्रत्येक सदस्य को समर्पित करता हूँ। यह हमारी साझा मेहनत, निस्वार्थ सेवा और समर्पण का परिणाम है। ‘प्रोजेक्ट वसुंधरा’ और रक्तदान मुहिम को जन-आंदोलन बनाने में हर सदस्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। यह सम्मान हम सभी का है।”
    एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक सह मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी डॉ (प्रो)सौरभ वार्ष्णेय ने श्री जायसवाल की सराहना करते हुए कहा कि “प्रोजेक्ट वसुंधरा जैसे नागरिक प्रयास हमें यह सिखाते हैं कि जब समाज और संस्थान साथ मिलकर कार्य करते हैं, तब पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों में स्थायी बदलाव संभव होता है।”

One thought on “रोटरी क्लब ऑफ देवघर के अध्यक्ष पीयूष जायसवाल को “प्रोजेक्ट वसुंधरा” के लिए मिला सम्मान

  • Diwakar Verma

    आज के बदलते परिवेश में बिना किसी भी स्वार्थ के कोई किसी से बात तक नहीं करता है!
    और आप इतना बड़ा निस्वार्थ सामाजिक कार्य कर रहे हैं ये बहुत ही बड़ा पुण्य का काम है..
    आगे भी हमें आशा है कि इसी तरह अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर प्रयत्न करते रहेंगे…. यही मेरी शुभकामना है! 💐💐🙏

Comments are closed.