हिंदी विद्यापीठ में तुलसी जयंती पर कार्यक्रम आयोजित
देवघर: आज दिनांक 31. 07.25 श्रावण शुक्ल सप्तमी के अवसर पर हिंदी विद्यापीठ में संत शिरोमणि गोश्वामी तुलसीदास की जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संस्थान के एमडी अशोकानंद झा ने संत तुलसी की रचना पर प्रकाश डालते हुए उनकी विभिन्न रचनाओं के भावार्थ को सबों के लिए सहज व अनुकरणीय बताया। साथ ही कहा कि गोस्वामी तुलसीदास की रचना ने भारतीय संस्कृति व सभ्यता को एक नई ऊंचाई देने का काम किया है। उन्होंने अपनी रचना में मानव मूल्यों का बड़े ही बेहतर ढंग से समावेश किया है।

वहीं मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद देवघर कॉलेज के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार ने कहा कि तुलसी ने अपनी व्यक्तिगत जीवन की संघर्ष को जीतकर हमें रामचरितमानस के रूप में एक अमूल्य ग्रंथ दिया है।उनकी अनेक रचनाएँ समाज को एक सकारात्मक दिशा प्रदान करती है। अन्य वक्ताओं में विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत बैंक अधिकारी अनिल कुमार झा ने तुलसी साहित्य को सबके लिए पठनीय व संग्रहणीय बताया। कुलसचिव श्री के.के.ठाकुर ने कहा कि तुलसीदास बचपन से ही प्रतिभाशाली थे। उन्होंने रामचरित मानस की रचना के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया,जो आज एक आदर्श ग्रंथ बन गया है। बीएड कॉलेज की प्राचार्या डॉ.आशा मिश्रा ने कहा कि संत तुलसी ने ऊंच-नीच की भावना के ऊपर उठकर अपनी रचना के सहारे जनजन में सहयोग की भावना जगाने का कार्य किया है। इस बीच अन्य वक्ताओं में प्राचार्य डॉ.संजय कुमार खवाड़े, शिक्षक नीतीश द्वारी, शिक्षिका सुषमा सिन्हा व प्रेस प्रबंधक हिमांशु झा ने भी संत तुलसी की रचना पर अपने विचार व्यक्त किये।
इस अवसर पर श्री शुभाशीष समेत संस्थान के मीडिया प्रभारी शम्भू सहाय, महेंद्र नाथ झा, राजेश सरेवार, किशोर कुमार झा, पंकज कुमार सिन्हा, शंकरनाथ झा, प्रमोद पांडेय, सुदीप्त सरकार, सुरेश खोवाला, विशाल पंडित, उदयनाथ ठाकुर आदि उपस्थित थे।

