डीएवी कोडरमा में मनाया गया भारत विभाजन दिवस
कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर प्रातःकालीन सभा में भावपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कक्षा 6 की छात्रा अनाराध्या कश्यप ने अंग्रेज़ी में भाषण देते हुए बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस भारत में प्रतिवर्ष 14 अगस्त को मनाया जाता है। यह दिन 1947 के भारत विभाजन के दौरान झेली गई पीड़ा और विस्थापन की स्मृति को समर्पित है। विभाजन में लाखों परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा और असंख्य लोगों ने अपनी जान गंवाई।

हिंदी में भाषण कक्षा 8 की छात्रा आराध्या सिन्हा ने दिया, जिसमें उन्होंने विभाजन की पीड़ा और उससे जुड़े दुख को मार्मिक शब्दों में व्यक्त किया। भारत-पाकिस्तान के बंटवारे की वेदना को कक्षा 6 की छात्रा अनुष्का गुप्ता ने अपनी कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया।
विभाजन की व्याकुलता और लोगों के पलायन की पीड़ा को तेजस एवं उनके साथियों ने लघु नाटिका के रूप में मंचित किया। इसके अतिरिक्त, स्वतंत्रता आंदोलन और विभाजन से जुड़े प्रश्नों पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रेम ने किया। मंच संचालन का कार्य अनुष्का गुप्ता ने संभाला।
विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सौहार्द और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि बंटवारे की इस प्रक्रिया में करोड़ों हिंदुओं, सिखों और मुसलमानों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा और उन्हें जान-माल की भारी क्षति उठानी पड़ी। इस दर्द को भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने के लिए उन्होंने मोहम्मद अली, सुजीत कुमार राणा, पवन कुमार और सत्य प्रकाश तिवारी की सराहना की।

