डीएवी कोडरमा के विद्यार्थियों ने जरूरतमंदों के लिए बढ़ाया मदद का हाथ
कोडरमा: पी.वी.एस.एस. डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में जिला प्रशासन कोडरमा की पहल पर वस्त्र एवं पुस्तकों के दान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत बच्चों ने 100 से अधिक पुस्तकें एवं 1000 से अधिक वस्त्र स्वेच्छापूर्वक दान किए।

आज विद्यालय में सिटी मैनेजर कोडरमा रणधीर वर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित हुए। विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा उपहार स्वरूप दिए गए वस्त्रों एवं पुस्तकों को सिटी मैनेजर को सौंपते हुए अपील की कि इन्हें असहाय एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाया जाए।
प्राचार्य ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चलाया गया यह अभियान गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को शिक्षा और बेहतर जीवन जीने का अवसर प्रदान करेगा। इससे वे लोग, जो आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई से वंचित हैं और मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा नहीं कर पाते, आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों को सशक्त बनाना एवं शिक्षा को बढ़ावा देना है।
उन्होंने आगे कहा कि बच्चों की यह पहल उनके संस्कार, जिम्मेदारी, उदारता और संवेदनशीलता का उत्तम उदाहरण है। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत होगी बल्कि उनमें आत्मविश्वास और मानवता की भावना भी प्रबल होगी। हमें समाज के गरीब एवं असहाय लोगों के प्रति केवल संवेदनशीलता ही नहीं बल्कि यथासंभव सहयोग भी करना चाहिए। वास्तव में, परोपकार ही सर्वोत्तम धर्म है।
इस अभियान को सफल बनाने में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।

