डीएवी भंडारकोला में बैज समारोह का आयोजन
देवघर: सातर रोड स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में बैज समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए हेड बॉय, हेड गर्ल सहित अन्य प्रतिनिधियों के रूप में बैज प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीओ, बिजली विभाग, बासुकिनाथ राजकमल रजक, विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा, सहोदया देवघर के अध्यक्ष रामसेवक सिंह गुंजन, रेड रोज के प्राचार्य अनिल पांडे और गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, कास्टर टाउन के प्राचार्य दिलीप कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन और स्वागत गान के साथ हुआ। तत्पश्चात चयनित छात्रों को बैज पहनाकर उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।

मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह जिम्मेदारी छात्रों के लिए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श नेतृत्व का प्रतीक है।
प्राचार्य बलराम कुमार झा ने सभी बैजधारी छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे ईमानदारी, सहयोग और टीमवर्क के साथ विद्यालय का गौरव बढ़ाएँ। उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर उनके लिए आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सुनहरा अवसर है। उक्त आशय की जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।

