कोडरमा (शहर परिक्रमा)

डीएवी कोडरमा में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

डीएवी कोडरमा में प्रातःकालीन सभा में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्म दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से शिक्षक दिवस के रूप में मनाया गया।
    कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी शिक्षकों द्वारा डॉ. राधाकृष्णन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। इसके उपरांत अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

    स्नेहा एवं समूह ने अपने गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “धन्यवाद नृत्य” प्रस्तुत किया। वंशिका और समूह ने गुरु वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उत्कर्ष और अर्नव समूह ने “वी लव यू टीचर” गीत प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
   शिक्षक दिवस के अवसर पर ज्ञानवर्धन हेतु प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन कक्षा ग्यारहवीं (विज्ञान) के छात्र अरुणेश रंजन ने किया। इसी क्रम में शौर्य प्रताप सिंह (कक्षा ग्यारहवीं विज्ञान) ने गुरु के महत्व और उनके ज्ञान की महिमा पर प्रभावशाली भाषण दिया।
   इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने छात्रों को शिक्षक दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि “शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों का भविष्य गढ़ते हैं। वे उन्हें नैतिक मूल्यों से युक्त, जिम्मेदार नागरिक बनाते हैं तथा आलोचनात्मक सोच विकसित करते हैं। शिक्षक छात्रों को सही दिशा दिखाते हैं, आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करते हैं। वे छात्रों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए मार्गदर्शन करते हैं।”
   अंत में, प्राचार्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कुमार सतीश सिंह, मनोज कुमार सिंह, जयदेव आचार्य, राय राकेश एवं चाँदनी दुबे की भूरि-भूरि प्रशंसा की।