देवघर (शहर परिक्रमा)

डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को किया सम्मानित


देवघर: सातर रोड स्थित गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में इस वर्ष अनूठे अंदाज में शिक्षक दिवस मनाया गया । शिक्षक दिवस के दिन ईद ए मिलाद की छुट्टी होने के कारण इसे अगले दिन मनाया गया। स्टूडेंट काउंसिल ने सारी व्यवस्था की जिसके तहत स्वयं विद्यार्थियों ने शिक्षक शिक्षिकाओं के स्थान पर शिक्षक बन पढ़ाने के दायित्व का निर्वहन किया। इसके पश्चात उन्होंने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा और वरीय शिक्षक डॉक्टर आरके सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया। तत्पश्चात सभी ने डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किया।प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन ने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि शिक्षा केवल ज्ञान देने का माध्यम नहीं है, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज को सही दिशा देने का एक साधन है। उन्होंने बच्चों को कहा कि आपके मार्गदर्शक, आपके आदर्श और आपके व्यक्तित्व निर्माण के असली शिल्पकार आपके शिक्षक ही हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की कड़ी में सबसे पहले विद्यार्थियों ने मंत्र उच्चारण से कार्यक्रम की शुरुआत की उसके बाद बड़ी संख्या में विद्यालय के बच्चों ने शिक्षक दिवस पर आधारित सुमधुर समूह गान की प्रस्तुति की। एलकेजी से कक्षा दूसरी तक के बच्चे एवं कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति कर सबका मन मोह लिया। इसके बाद बूंद-बूंद, देशभक्ति से ओतप्रोत तथा राजस्थानी और अहम ब्रह्मस्मी नृत्य की जबरदस्त प्रस्तुति से बच्चों ने सबको आनंदित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने सभी शिक्षक शिक्षिकाओं और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को गिफ्ट देकर सम्मानित किया। इसकी जानकारी मीडिया प्रभारी अभिषेक सूर्य ने दी।