डीएवी कोडरमा में साक्षरता दिवस पर गूँजा ‘सभी पढ़े, सभी बढ़े ‘ का नारा
कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान विद्यालय की छात्रा शाम्भवी सिंह अंग्रेजी में तथा आराध्या सिंह ने हिन्दी में साक्षरता के महत्त्व पर प्रेरणादायक भाषण दिया तो अनुष्का गुप्ता ने अंग्रेजी कविता तथा कुमुद ने हिन्दी कविता के माध्यम से साक्षरता का संदेश देते हुए प्रभावशाली कविता सुनाई । साथ ही छात्रों ने श्लोगन राइटिंग के माध्यम से लोगों को प्रेरित भी किया ।
इस मौके पर छात्रों द्वारा एक लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया जिसमें तन्वी, अनुप्रिया और लक्ष्मी ने महत्त्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं। नाटक के माध्यम से शिक्षा और साक्षरता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया।
अंत में मुस्कान ने एक ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन किया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का मंच संचालन ज़ाइनब मीर ने किया ।
मौके पर विद्यालय के प्राचार्य ने सभी को विश्व साक्षरता दिवस की बधाई देते हुए साक्षरता के महत्त्व को बताया। उन्होंने कहा कि साक्षरता एक ऐसा दीपक है जो अज्ञानता के अंधेरे को दूर करता है। यह व्यक्ति को सिर्फ साक्षर ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सिर्फ खुद ही शिक्षित न हों, बल्कि अपने आस-पड़ोस और समाज में भी निरक्षर लोगों को शिक्षित करने में मदद करें। उन्होंने “एक को पढ़ाओ, एक को बढ़ाओ” का नारा देते हुए कहा कि यदि हम सभी मिलकर प्रयास करें तो भारत से निरक्षरता को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है । विश्व साक्षरता दिवस वैश्विक निरक्षरता दर के बारे में जागरूकता फैलाता है, जिससे समुदायों को पढ़ने और लिखने के कौशल को बढ़ावा देने और शिक्षा संसाधनों का समर्थन करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिका मिथिलेश झा, ज्योति एवं गिरिजा शंकर पात्रो ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई ।

