डॉ. आयुषी मुखर्जी को वेक्सो इंडिया ने किया सम्मानित
देवघर: स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के बैनर तले, सिद्धिविनायक बैंक्वेट हॉल के भव्य सभागार में नीट-पीजी 2025 में 116वां रैंक स्थानाधिकारी डॉ. आयुषी मुखर्जी को वेक्सो इंडिया के संरक्षक प्रो. रामनंदन सिंह, केंद्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव मुख्य अतिथिद्वय विश्व भारती विश्वविद्यालय, शांति निकेतन के हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुभाष राय एवं देवघर जेल सुपेरिटेंडेंट प्रमोद कुमार, प्राइवेट स्कूल सोशल वेलफेयर सोसाइटी, देवघर के अध्यक्ष प्रेम कुमार, बड्स पैराडाइस स्कूल के प्राचार्य समीर कुमार दूबे, एकेएसडी आवासीय विद्यालय, मोहनपुर के निदेशक पालन कुमार झा एवं अन्य के करकमलों से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

मौके पर डॉ. प्रदीप ने कहा कि नेशनल बोर्ड ऑफ एजुकेशन इन मेडिकल साइंसेज द्वारा जारी नीट पीजी 2025 में झारखंड के अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। देवघर की आयुषी मुखर्जी ने पूरे देश में 116वां रैंक हासिल किया है। स्व. बैद्यनाथ मुखर्जी उर्फ बोदी बाबू की सुपौत्री आयुषी का जन्म 23 फरवरी, 2000 को बालासोर, ओडिशा में हुआ था। उसके पिता पार्थो मुखर्जी स्थानीय राजनारायण बोस बांग्ला लाइब्रेरी के सचिव हैं जबकि माता शास्वती मुखर्जी, संत फ्रांसिस स्कूल, देवघर की सहायक शिक्षिका हैं। आयुषी ने वर्ष 2016 में इसी विद्यालय से माध्यमिक, 2018 में संत जेवियर्स हाई स्कूल, देवघर से उच्च माध्यमिक, 2024 में रिम्स, राँची से एम.बी.बी.एस की परीक्षा पास की। आयुषी अपनी सफलता का सारा श्रेय अपने माता पिता को समर्पित करने की तमन्ना रखती है जिन्होंने उसे हर कदम साथ देने की चेष्टा की है। फुर्सत के समय आयुषी भ्रमण, किताबें पढ़ना एवं लिखना पसंद करती है। उसका एकमात्र उद्देश्य है कि वह भविष्य में एक अच्छे चिकित्सक बनकर माता पिता, समाज और राष्ट्र का नाम रौशन कर सके।

