डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में सप्ताह व्यापी जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया
देवघर: झारखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ और महान भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष पर गीता देवी डीएवी पब्लिक स्कूल भंडारकोला में सप्ताह भर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, ऐतिहासिक संघर्षों तथा विकास यात्रा को छात्रों के समक्ष प्रस्तुत करना था। विद्यालय में कई मनमोहक आदिवासी नृत्य का प्रदर्शन किया गया। साथ ही युवा नाटककारों द्वारा महान आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर एक नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इनके अलावा आदिवासी नायकों के भाषण, धरती आबा और बिरसा मुंडा के जीवन पर निबंध लेखन प्रतियोगिता और प्रतिभाशाली बच्चों के द्वारा संथाली चित्रकला पर कला कार्यशाला के माध्यम से समृद्ध आदिवासी संस्कृति और विरासत का प्रदर्शन किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य बलराम कुमार झा ने इन विभिन्न गतिविधियों पर कहा कि यह दिवस स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के लिए लड़ने वाले हमारे वीर आदिवासी नायकों – धरती आबा बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, जयपाल सिंह मुंडा, फूलो-झानो आदि के प्रति सभी के हृदय को गर्व से भर देता है।

