देवघर (शहर परिक्रमा)

पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा बैठक, लोन स्वीकृति और वितरण में तेजी लाने के निर्देश

देवघर: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वनिधि से समृद्धि अभियान ( 3 नवंबर से 2 दिसंबर )को गति प्रदान करने को लेकर देवघर नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ सहायक नगर आयुक्त, नगर मिशन प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता एवं सामुदायिक संसाधन सेविकाएँ उपस्थित थीं।

आवेदनों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
   बैठक में नगर आयुक्त ने बैंक द्वारा लौटाए गए आवेदनों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे सभी आवेदन सत्यापन और आवश्यक सुधार के बाद तुरंत बैंकों को भेजे जाएँ, ताकि किसी भी लाभुक का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
बैंक–निगम समन्वय को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल
   बैठक में नगर आयुक्त ने सहायक नगर आयुक्त और नगर मिशन प्रबंधक को निर्देश दिया कि वे बैंकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि बेहतर तालमेल से स्वीकृति, सत्यापन, और वितरण की प्रक्रिया में तेजी आएगी तथा योजना का लाभ अधिक पथ विक्रेताओं तक पहुँच सकेगा।
लोन स्वीकृति और वितरण में तेजी लाने का निर्देश
    नगर आयुक्त ने सभी बैंक कर्मियों को लोन आवेदनों की स्वीकृति और वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं को समय पर आर्थिक सहायता मिलना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे अपने व्यवसाय को सुचारू रूप से चला सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
प्रचार-प्रसार एवं IEC गतिविधियों को बढ़ाने का आग्रह
    बैठक में बैंकों को निर्देश दिया गया कि वे प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दें, ताकि अधिक पथ विक्रेता योजना से जुड़ सकें और औपचारिक बैंकिंग प्रणाली का लाभ उठा सकें।
क्या है पीएम स्वनिधि योजना?
इस योजना के तहत पथ विक्रेताओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना के तहत पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से योजना के तहत तीन चरणों में Collateral Free Loan उपलब्ध कराया जाता है:-
₹15,000 का प्रारंभिक ऋण
₹25,000 का दूसरा ऋण (समय पर किस्त भरने वालों को)
₹50,000 का तीसरा ऋण (उत्कृष्ट पुनर्भुगतान रिकॉर्ड पर)
     इन ऋणों पर सरकार द्वारा ब्याज सब्सिडी, डिजिटल भुगतान पर कैशबैक तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ने जैसी सुविधाएँ भी प्रदान की जाती है।
     बैठक में सभी अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया कि पीएम स्वनिधि योजना को देवघर में तेज़ी और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा।