डीएवी कोडरमा में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर जागरूकता की अलख
‘स्वच्छता ही सुरक्षा, स्वास्थ्य ही सफलता’ — नाटक, नृत्य व भाषणों से बच्चों ने दिया संदेश
कोडरमा: डीएवी पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में ‘राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता अभियान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण के खतरों से अवगत कराना तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ सक्षम एवं उनके समूह द्वारा प्रस्तुत एक जीवंत लघु नाटक से हुआ। अभिनय के माध्यम से बच्चों ने दर्शाया कि दूषित पानी और अस्वच्छता के कारण पेट में कीड़े (कृमि) पनपते हैं, जो शारीरिक और मानसिक विकास में बाधा उत्पन्न करते हैं। इसके पश्चात कुमुद एवं उनके समूह ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी।
विषय की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए आदित्य राज ने हिंदी में तथा लक्ष्मी ने अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति केवल एक दवा नहीं, बल्कि स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव है। कार्यक्रम में उत्साह का संचार तब हुआ जब ज़ैनब ने एक रोचक क्विज़ सत्र का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मंच संचालन आलिया एवं निष्ठा गुप्ता ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा,
“स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। कृमि संक्रमण एक अदृश्य समस्या है, जो बच्चों के पोषण और सीखने की क्षमता को धीरे-धीरे प्रभावित करती है। केवल दवा लेना पर्याप्त नहीं, बल्कि स्वच्छता को जीवन का संस्कार बनाना आवश्यक है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को नाखून छोटे रखने, स्वच्छ पानी पीने तथा भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने की आदत अपनाने की सलाह दी।
विद्यालय की शिक्षिका मिथिलेश कुमारी, अंगद कुमार मिश्रा, संगीता जेठवा एवं अभिषेक राणा के कुशल निर्देशन में संपूर्ण कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

